आरयूएचएस अस्पताल बनेगा रिम्स, सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार की तैयारी
जयपुर, 13 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल पर राजस्थान यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज (आरयूएचएस) अस्पताल को राजस्थान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसके तहत अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों में फैकल्टी और चिकित्सकों की कमी को दूर किया जाएगा।
चिकित्सा शिक्षा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने शनिवार को आरयूएचएस अस्पताल में आयोजित समीक्षा बैठक में संस्थान के चरणबद्ध उन्नयन, आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक कार्य के लिए निर्धारित समयसीमा तय कर समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं की वर्तमान स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार के लिए आवश्यक फैकल्टी, उपकरण और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि अस्पताल में ओपीडी, आईपीडी, ऑपरेशन थियेटर और प्रसूति सेवाओं में लगातार वृद्धि दर्ज हो रही है, जो सकारात्मक संकेत है। इन सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में समन्वित प्रयास किए जाएंगे।
चिकित्सा शिक्षा आयुक्त बाबूलाल गोयल ने बताया कि अस्पताल में सीटी स्कैन सेवा शुरू कर दी गई है, जिससे मरीजों को उन्नत जांच सुविधाओं का लाभ मिलने लगा है। वहीं एमआरआई सेवा भी जल्द शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि ब्लड बैंक को और सुदृढ़ किया गया है तथा ट्रॉमा सेवाएं भी प्रारंभ कर दी गई हैं।
सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. दीपक माहेश्वरी ने बताया कि एसएमएस अस्पताल की फैकल्टी और आरयूएचएस के इन्फ्रास्ट्रक्चर का उपयोग करते हुए आर्थोपेडिक्स और जनरल सर्जरी सेवाओं को मजबूत किया जाएगा। इससे एसएमएस अस्पताल पर रोगियों का दबाव कम होगा और मरीजों को बेहतर विकल्प उपलब्ध होंगे।
विशेषाधिकारी डॉ. अजीत सिंह शक्तावत ने बताया कि अत्याधुनिक कैथ लैब शुरू होने से हृदय रोगियों को उन्नत जांच और उपचार की सुविधाएं मिलेंगी। वर्तमान में अस्पताल में कार्डियोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, यूरोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी सहित कई सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं संचालित हैं, जिन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
बैठक में आरयूएचएस मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. मोहनीश ग्रोवर, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित