पंच परिवर्तन से क्रांतिकारियों के सपने पूर्ण होंगे -श्रीकांत
कोटा, 06 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, चित्तौड़ प्रांत एव कोटा महानगर द्वारा आयोजित संघ शिक्षा वर्ग (तरुण व्यवसायी एवं विशेष वर्ग) का प्रकट समारोह स्वामी विवेकानंद विद्यालय, महावीर नगर तृतीय में संपन्न हुआ। समारोह में कोटा ब्लड बैंक सोसायटी की संस्थापक सदस्य मधु कासलीवाल मुख्य अतिथि रही। तरुण व्यवसायी वर्ग के सर्वाधिकारी ललित शारदा, विशेष वर्ग के सर्वाधिकारी प्रो. मोहन लाल साहु, महानगर संघचालक गोपाल लाल गर्ग एवं मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, राजस्थान क्षेत्र के बौद्धिक प्रमुख श्रीकांत मंचासीन रहे।
मुख्य अतिथि मधु कासलीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पिछले 100 वर्षों से समाज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में राष्ट्रसेवा और चरित्र निर्माण का कार्य कर रहा है। संघ ने अनुशासन, संगठन और सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया है। स्वयंसेवकों द्वारा निस्वार्थ भाव से किए जा रहे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह के मुख्य वक्ता क्षेत्रीय बौद्धिक प्रमुख श्रीकांत ने कहा कि किसी राष्ट्र की ऊँचाई को महलों, मीनारों या पर्वतों से नहीं मापा जा सकता है। गहराई कुए, तालाब और समुद्रों से नहीं मापी जा सकती है। राष्ट्र की ऊँचाई मजबूत मन और गहराई हृदय से नापी जाती है। संघ कार्य स्वामी विवेकानंद के सपनों का कार्य है। संघ में स्वयंसेवक कुछ बोलता नहीं है, धरातल पर करके दिखाता है। चाहे आजादी आन्दोलन हो या विस्थापितों को स्थापित करने का कार्य, कश्मीर के विलय का समय हो या 10 सितम्बर 1947 को दिल्ली में विप्लव करने की योजना इन सभी में स्वयंसेवकों ने एकजुट होकर राष्ट्रहित की भूमिका निभाई। राष्ट्र सर्वोपरि‘ का विचार जन-जन के हृदय में स्थापित करने वाले गुरुजी हिंदुत्व के प्रमुख प्रवर्तकों में से एक रहे।
उन्होंने कहा कि अब संघ ने समाज परिवर्तन में अपनी सक्रिय भूमिका निभाना प्रारंभ किया है। पंच परिवर्तन के मुद्दे कुटुम्ब प्रबोधन, स्वदेशी, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य एवं सामाजिक समरसता हैं। संघ क्रांतिकारियों के सपनों को अपनी गतिविधियों के माध्यम से साकार कर रहा है। उन्होंने आव्हान किया कि प्रत्येक परिवार से एक-एक पुरुष व मातृशक्ति राष्ट्र कार्य में सक्रिय सहयोग करें और बच्चों को नियमित लगने वाली शाखाओं में अवश्य भेजें। भविष्य के लिए संस्कारवान पीढ़ी यही से मिलेगी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा संघ शिक्षा वर्ग विशेष एवं तरुण व्यवसायी वर्ग आयोजित किये गये। 15 दिवसीय इस वर्ग में उद्यमी शैलेंद्र गुप्ता, कबीर आश्रम के संत प्रभाकर का सानिध्य मिला। इस वर्ग में चित्तौड़ प्रांत के 14 प्रशासनिक एवं संघ दृष्टि से 27 जिलों के 130 स्थान से 150 शिक्षार्थी देश सेवा साधना के लिए शामिल हुये। इनमें 62 अध्यापक, 3 अधिवक्ता, 12 चिकित्सक, 39 निजी व्यवसाय, एक प्रशासनिक अधिकारी, 3 अभियंता, 24 निजी कर्मचारी और 3 किसान सम्मिलित हैं। वर्ग में 52 प्रबंधकों एवं 30 बस्तियों से 120 सुरक्षा कार्यकर्ताओं ने अपनी सेवायें दी। वर्ग में सेवा बस्तियों, गौ सेवा एवं परिवारों से संपर्क का व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
शिक्षार्थियों को अ.भा. कार्यकारिणी सदस्य भैयाजी जोशी एवं वरिष्ठ प्रचारक दुर्गादास व क्षेत्र प्रचारक निंबाराम, क्षेत्र कार्यवाह जशवंत खत्री, क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य हनुमान सिंह, प्रांत कार्यवाह शंकर माली एवम प्रांत प्रचारक मुरलीधर आदि का सानिध्य मिला। भारतीय संविधान, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती, सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण के 1000 वर्ष, संत रविदास के जीवन-दर्शन, भारतीय धर्मग्रंथों तथा संघ के शताब्दी वर्ष से संबंधित प्रदर्शनी लगाई गई। वर्ग कार्यवाह नारायण लाल ने सबका आभार व्यक्त किया। वर्ग में 90 बस्तियों के 3200 परिवारों ने प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रतिदिन लगभग 7500 भोजन पैकेट तैयार करने वाली मातृशक्ति के समर्पण को नमन किया। कार्यक्रम सामाजिक समरसता सहभोज के साथ सम्पन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द