आरपीएससी ने साक्षात्कार कार्यक्रम जारी किया, कॉलेज शिक्षा भर्ती के इंटरव्यू 18 मई से

 


अजमेर, 05 मई (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने विभिन्न भर्तियों के तहत आगामी चरण का साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिया है।

आयोग सचिव के अनुसार, कॉलेज शिक्षा विभाग भर्ती-2023 के अंतर्गत सहायक आचार्य (इतिहास), सहायक आचार्य (ईएएफएम) तथा शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशक (पीटीआई) के पदों के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया 18 मई से प्रारंभ होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सहायक आचार्य (इतिहास) के सातवें चरण, सहायक आचार्य (ईएएफएम) तथा पीटीआई भर्ती के तृतीय चरण के साक्षात्कार 18 से 27 मई 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।

अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र तथा सभी शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक मूल प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। इनके साथ संबंधित दस्तावेजों की फोटो प्रतियां भी प्रस्तुत करनी होंगी, अन्यथा साक्षात्कार में शामिल नहीं किया जाएगा। आयोग द्वारा साक्षात्कार पत्र निर्धारित समय पर वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। इसके अलावा, सहायक आचार्य (चिकित्सा शिक्षा विभाग) भर्ती-2024 के अंतर्गत पेडियाट्रिक यूरोलॉजी (सुपर स्पेशियलिटी) पद के लिए साक्षात्कार 14 मई 2026 को आयोजित किया जाएगा।

आरपीएससी ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा-2025 एवं कनिष्ठ विधि अधिकारी (जयपुर विकास प्राधिकरण) परीक्षा-2025 के लिए अभ्यर्थियों को आवेदन में संशोधन का अवसर भी प्रदान किया है। नाम, पिता का नाम, फोटो, जन्म तिथि और जेंडर को छोड़कर अन्य विवरणों में ऑनलाइन संशोधन 6 से 12 मई 2026 तक किए जा सकेंगे।

आयोग सचिव ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा का आयोजन 12 से 18 जुलाई 2026 तक तथा कनिष्ठ विधि अधिकारी परीक्षा 26 एवं 27 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। इस संबंध में विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष