सवारियों से भरी रोडवेज बस में लगी आग 37 यात्री बाल बाल बचे
अजमेर, 23 जून(हि.स.)। अजमेर से किशनगढ़ मार्ग पर परासिया रेलवे फ्लाईओवर के निकट मंगलवार दोपहर सवारियों से भरी रोडवेज बस में आग लग गई। बस किशनगढ़ से अजमेर 37 यात्रियों को लेकर जा रही थी। सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बस से उतर गए। आग पर काबू पाने से पहले ही बस पूरी तरह आग के आगोश में समा गई और जलकर कबाड़ हो गई।
अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी राम प्रसाद चौधरी के अनुसार आग लगते ही चालक और परिचालक ने सूझबूझ से काम लिया। उन्होंने समय रहते सवारियों को बस से बाहर उतारा साथ ही घटना की सूचना अधिकारियों को आवश्यक मदद पहुंचाने के लिए दे दी। मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर कबाड़ हो चुकी थी।
गेगल और मदनगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची बस से उतरे यात्रियों को किसी तरह मदद पहुंचा कर गंतव्य तक पहुंचाया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।जांच के अनुसार बस के इंजन में शोर्टसर्किट से आग लगने की बात कही जा रही है। आग की सूचना से बस में अफरा तफरी मच गई। किन्तु चालक व परिचालक ने समय रहते सभी को सुरक्षित निगाल लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष