जयपुर से बीआरई समिट-2026 के रोड शो का आगाज

 


जयपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। भारत की गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित बिजली उत्पादन क्षमता 300 गीगावाट के पार पहुंच गई है। 31 जुलाई 2026 तक देश की गैर-जीवाश्म क्षमता 300.50 गीगावाट दर्ज की गई, जो कुल बिजली उत्पादन क्षमता का 54 प्रतिशत से अधिक है। इसी उपलब्धि के बीच भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो (बीआरई समिट) 2026 के देशव्यापी क्षेत्रीय रोड शो की शुरुआत सोमवार को जयपुर से हुई।

नई दिल्ली के भारत मंडपम में 2 से 5 नवंबर तक होने वाले बीआरई समिट-2026 से पहले आयोजित इस रोड शो में केंद्र व राज्य सरकार, उद्योग, निवेशक और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लिया। राजस्थान अक्षय ऊर्जा निगम लिमिटेड (आरआरईसीएल), इंडियन विंड टरबाइन मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (आईडब्ल्यूटीएमए), विंड इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (डब्ल्यूआईपीपीए) और सस्टेनेबल प्रोजेक्ट्स डेवलपर्स एसोसिएशन (एसपीडीए) के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

आरआरईसीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक रोहित गुप्ता ने कहा कि राजस्थान सौर ऊर्जा के साथ विंड-सोलर हाइब्रिड, बैटरी एनर्जी स्टोरेज और ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रहा है। वहीं, नवीन एवं अक्षय ऊर्जा मंत्रालय के संयुक्त सचिव राजेश कुलहरि ने कहा कि 300 गीगावाट का आंकड़ा पार करना भारत की स्वच्छ ऊर्जा यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारत ने 2030 के 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म क्षमता लक्ष्य का 60 प्रतिशत से अधिक हासिल कर लिया है।

रोड शो में बीआरई समिट की रणनीतिक रूपरेखा, निवेश के अवसर और व्यावसायिक साझीदारी पर चर्चा हुई। साथ ही भारत की अक्षय ऊर्जा यात्रा और आगामी समिट पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया गया तथा समिट के डिजिटल पोर्टल व मोबाइल एप का लाइव प्रदर्शन हुआ।

बीआरई समिट-2026 की थीम ‘इनवेस्ट, इनोवेट, इंस्पायर’ रखी गई है। समिट के साथ इंटरनेशनल सोलर एलायंस (आईएसए) असेंबली और चौथी इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ग्रीन हाइड्रोजन (आईसीजीएच) भी होगी। आयोजकों के अनुसार 75 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों, 20 से अधिक राज्य सरकारों, 250 से अधिक उच्चस्तरीय प्रतिनिधियों और 400 से अधिक प्रदर्शकों के शामिल होने की संभावना है। जयपुर के बाद रोड शो मुंबई, हैदराबाद, अहमदाबाद, लखनऊ, बेंगलुरु और कोलकाता में प्रस्तावित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश