उदयपुर में भीषण सड़क हादसा: कार-स्कूटी की टक्कर में तीन युवकों की मौत, 2 घायल

 


उदयपुर, 04 मई (हि.स.)। उदयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें स्कूटी सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो लोग घायल हो गए। यह हादसा एकलिंगपुरा चौराहा के पास हुआ, जहां कार और स्कूटी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

जानकारी के अनुसार, स्कूटी सवार तीनों युवक कैटरिंग का काम करते थे और रात करीब 1:30 बजे एक शादी समारोह का काम खत्म कर प्रतापनगर से मादड़ी की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी कार के नीचे फंस गई और दोनों वाहन ब्रिज की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 20 फीट नीचे जा गिरे।

धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

मृतकों में अर्जुन सिंह (40) और सौरभ (30) की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। अर्जुन सिंह मूल रूप से मध्य प्रदेश के देवास का निवासी था और वर्तमान में उदयपुर के हिरण मगरी सेक्टर-7 में रह रहा था। वहीं सौरभ भोपाल का रहने वाला था।

कार सवार योगेश भाट (25) और शिवम (19) घायल हुए हैं, जिनका इलाज एमबी हॉस्पिटल में जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता