सप्तम कोरोना वॉरियर्स राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की विजेता टीम का आरएनए जोधपुर ने किया सम्मान

 


जोधपुर, 27 अक्टूबर (हि.स.)। सप्तम राज्य स्तरीय कोरोना वॉरियर्स नर्सिंग एवं पैरामेडिकल क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता रही जोधपुर की सनसिटी इलेवन टीम के सम्मान में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन, जोधपुर शहर की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संगठन के अध्यक्ष एवं कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष जगदीश जाट ने किया। समारोह में टीम के कप्तान विकास मीना सहित पूरी विजेता टीम का साफा एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त प्रधानाचार्य एवं महात्मा गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. फतेह सिंह भाटी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा नेता एवं क्रीड़ा भारती तथा उड़ान फाउंडेशन के अध्यक्ष वरुण धनाढिया, क्रीड़ा भारती के प्रतिनिधि दुष्यंत व्यास तथा नर्सिंग अधीक्षक मालती गौड़, महेंद्र राजपुरोहित एवं भोपालगिरी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि डॉ. फतेह सिंह भाटी ने खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन कम से कम एक घंटा खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए अवश्य निकालना चाहिए। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच को भी मजबूत करते हैं। विशिष्ट अतिथि वरुण धनाडिया ने अपने संबोधन में देशप्रेम और खेलप्रेम को जीवन में प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना विकसित करते हैं। इस अवसर पर विजेता टीम के कप्तान विकास मीना सहित सभी खिलाडिय़ों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए बधाई दी गई तथा भविष्य में भी खेल के क्षेत्र में जोधपुर का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन अरविंद अपूर्वा ने किया। समारोह में राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के पदाधिकारी, नर्सिंग अधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश