निकाय चुनावों के लिए आरएलपी ने कसी कमर: बेनीवाल ने बनाई चुनाव प्रबंधन समिति

 


जयपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने चुनावों की तैयारियों के लिए प्रदेश स्तरीय चुनाव प्रबंधन समिति का गठन किया है। जैतारण के पूर्व विधायक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व संसदीय सचिव दिलीप चौधरी को समिति का संयोजक बनाया गया है।

समिति में पूर्व विधायकों, वरिष्ठ पदाधिकारियों और क्षेत्रीय नेताओं को शामिल किया गया है। इसमें पूर्व विधायक अशोक तंवर (चाकसू), इंदिरा देवी बावरी (मेड़ता), नारायण बेनीवाल (खींवसर), राष्ट्रीय सचिव नेमसिंह चौधरी, राजूराम खोजा (प्रधान प्रतिनिधि, बावड़ी), सुभाष कंदोई (मुंडवा), श्रवण मेघवाल (प्रधान प्रतिनिधि, नागौर), गुड्डी मेघवाल (प्रधान, चामू), सीताराम नायक और खलीफा कमालुद्दीन आरीसर को सदस्य बनाया गया है।

पार्टी के अनुसार समिति में विभिन्न क्षेत्रों और सामाजिक वर्गों का प्रतिनिधित्व रखते हुए चुनावी तैयारियों को गति देने का प्रयास किया गया है। समिति चुनावी रणनीति तैयार करने, प्रत्याशियों के चयन और प्रचार अभियान के समन्वय सहित अन्य चुनावी गतिविधियों की निगरानी करेगी।

सांसद हनुमान बेनीवाल ने कहा कि आरएलपी आगामी नगर निकाय और पंचायती राज चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। समिति के गठन के साथ पार्टी ने जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश