राजस्थान में 12 अक्टूबर बाद रात की ठंडक बढ़ने व उत्तर-पश्चिमी जिलों में बारिश के आसार
जयपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। 11-12 अक्टूबर के आसपास सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है।
मौसम प्रणाली के गुजरने के बाद प्रदेश में रात के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है, जिससे रात में ठंडक बढ़ने लगेगी।
पश्चिमी विक्षोभ का असर विशेष रूप से बीकानेर संभाग और आसपास के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में दिखाई देने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम में इस बदलाव के बाद दिन के तापमान में भी कुछ कमी आने की संभावना जताई जा रही है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, हालांकि अधिकांश शहरों में मौसम साफ रहा।
पिलानी में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं, शेखावाटी सहित राजस्थान के कई हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट के कारण सुबह-रात की ठंडक महसूस होने लगी है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार आगामी पांच दिनों में अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिन का तापमान करीब 30 से 40 डिग्री और रात का तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
सिरोही और माउंट आबू में रात सबसे ठंडी रही, जहां न्यूनतम तापमान करीब 16 डिग्री मापा गया। फतेहपुर, भीलवाड़ा और उदयपुर में भी रात का पारा 20 डिग्री से नीचे पहुंच गया।
11 अक्टूबर से मौसम में बदलाव के बाद पश्चिमी विक्षोभ के विदा होने पर रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। इससे राजस्थान में गर्मी से राहत के साथ सर्दी के शुरुआती तेवर महसूस होने लगेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित