जयपुर में इवोक 2026 का आगाज, इवेंट और वेडिंग इंडस्ट्री के प्रोफेशनल जुटे

 


जयपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। एसोसिएशन ऑफ इवेंट एंटरप्रेन्योर्स (एईई) के तीन दिवसीय ‘इवोक 2026-द इवेंट इंडस्ट्री कन्वेंशन’ के दूसरे संस्करण का गुरुवार को जयपुर में आगाज हुआ। 10 अक्टूबर तक चलने वाले आयोजन में इवेंट, वेडिंग, हॉस्पिटैलिटी और एक्सपीरिएंशियल इंडस्ट्री से जुड़े देशभर के प्रोफेशनल्स भाग ले रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में नगरीय विकास एवं ग्रामीण विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा मुख्य अतिथि रहे। जयपुर सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, बगरू विधायक कैलाश शर्मा, जयपुर नगर निगम मेयर सुनील कोठारी, पूर्व प्रशासनिक अधिकारी पवन अरोड़ा और एईई अध्यक्ष समीर बाबेल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।

एईई अध्यक्ष समीर बाबेल के अनुसार पहले दिन इवेंट एंड वेडिंग एक्सपो, बी2बी बैठकें और नेटवर्किंग सत्र आयोजित किए गए। एक्सपो में इवेंट प्रोफेशनल्स, वेडिंग प्लानर्स, हॉस्पिटैलिटी ब्रांड और सेवा प्रदाताओं ने अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन किया।

नगरीय विकास एवं ग्रामीण विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि राजस्थान की विरासत, हॉस्पिटैलिटी और आधुनिक बुनियादी ढांचा इसे शादियों, डेस्टिनेशन इवेंट्स और एमआईसीई आयोजनों के लिए उपयुक्त गंतव्य बनाता है। ऐसे आयोजनों से पर्यटन, हॉस्पिटैलिटी और राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल सकता है।

आयोजन के तहत गुरुवार शाम जी स्टूडियोज में ‘फ्रीक्वेंसी-द अल्टीमेट डीजे नाइट’ आयोजित हुई। इसमें डीजे अकील के साथ चंडीगढ़ के डीजे आर नेशन, मुंबई की डीजे हिमानी सिंह, कोलकाता की डीजे जेनी, चंडीगढ़ की डीजे अनामिका, जयपुर के डीजे रविश और दिल्ली की सोनम छाबरा ने प्रस्तुति दी।

शुक्रवार को राजस्थान पोलो ग्राउंड में ‘द पोलो रॉयल’ कार्यक्रम होगा, जिसमें महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह पोलो खेलेंगे। इसी दिन गायिका शीबानी कश्यप की लाइव प्रस्तुति भी होगी। 10 अक्टूबर को ऐतिहासिक जयगढ़ फोर्ट में आयोजन का ग्रैंड फिनाले होगा, जिसमें अभिनेत्री नर्गिस फाखरी विशेष आकर्षण रहेंगी।

आयोजकों के अनुसार, सम्मेलन का उद्देश्य इवेंट कारोबार, नेटवर्किंग और मनोरंजन के साथ राजस्थान की विरासत को एक मंच पर लाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश