यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर निकाली रैली

 


जोधपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर लंबे समय से चल रहे आंदोलन के तहत गुरुवार को युवाओं ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विभिन्न वर्गों एवं समुदायों के छात्र शामिल हुए। कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया गा।

यूजीसी रोलबैक संघर्ष समिति संयोजक शंभू सिंह मेड़तिया ने बताया कि मारवाड़ राजपूत सभा भवन से रैली निकाली गई जो जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंची। वहां जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के उच्च शिक्षण संस्थानों में समानता एवं भेदभाव संबंधी 2026 के विनियमों की पुन: समीक्षा कर उन्हें वापस लेने की मांग की गई।

ज्ञापन में बताया गया कि उक्त विनियमों में जाति आधारित प्रावधानों के कारण सामान्य वर्ग, विशेषकर सवर्ण समाज के विद्यार्थियों में भविष्य को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हुई है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी विद्यार्थी के साथ उसकी जाति के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए तथा सभी विद्यार्थियों को समान अवसर, सम्मान और शिक्षा का अधिकार मिलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि यूजीसी से संबंधित प्रस्तावित कानून एवं नीतिगत बदलावों को लेकर छात्रों में अपनी मांगों को लेकर असंतोष है। आंदोलनकारियों का कहना है कि यूजीसी रोलबैक की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा इस दिशा में अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक यूजीसी रोलबैक की मांग पर सरकार द्वारा सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन के माध्यम से अपनी मांग उठाई जाती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश