18वीं बार अध्यक्ष पद पर निर्वाचित हुए रणजीत जोशी

 


जोधपुर, 12 दिसम्बर (हि.स.)। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन और राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन के चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के चुनाव में रणजीत जोशी रिकॉर्ड 18वीं बार अध्यक्ष चुने गए। वहीं राजस्थान हाईकोर्ट लॉयर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष दिलीप सिंह उदावत निर्वाचित हुए। राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन के चुनाव की मतगणना आधी रात तक चलती रही।

राजस्थान हाईकोर्ट एडवोकेट्स एसोसिएशन जोधपुर की कार्यकारिणी के वर्ष 2025-27 के अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले में रणजीत जोशी ने सुरेन्द्र सिंह राठौड़ को 158 मतों से पराजित किया। रणजीत जोशी को 1527 वोट, सुरेन्द्र सिंह राठौड़ को 1369 और धनराज वैष्णव को 324 वोट मिले हैं। उपाध्यक्ष पद पर बुधाराम चौधरी ने कड़े मुकाबले में मांगीलाल को 24 वोट से हराया। बुधाराम चौधरी को 767 वोट, मांगीलाल को 743 वोट, गजेन्द्रसिंह तंवर को 438, मनोज सिंह 316, पुखराज गोदारा को 275, कृपाराम सोलंकी को 251 वोट, शैतानराम चौधरी 237 वोट और लक्ष्मीनारायण को 160 वोट मिले हैं।

उपाध्यक्ष पद पर कडी टक्कर की वजह से दुबारा मतगणना करवाई गई। वहीं महासचिव पद पर विजय चौधरी ने कल्याण सिंह विश्नोई को 215 वोटो से हराया। विजय चौधरी को 1131 वोट, कल्याण सिंह विश्नोई को 916 वोट, विक्रम सिंह राठौड़ को 656 वोट, अनिल सुराणा को 352 वोट और एम डी कल्ला 143 वोट मिले। सह सचिव पद पर तक्षेन्द्र शर्मा ने 172 वोटो से दीपाराम को हराया। सह सचिव पद पर तक्षेन्द्र शर्मा को 771 वोट, दीपाराम को 599 वोट, नीतू गुडिय़ा को 584 वोट, संदीप सिंह को 435 वोट, भारतेन्दु को 364 वोट, पुखराज को 202 वोट, शीतल शर्मा 173 वोट और लालसिंह को 50 वोट मिले हैं। पुस्तकालय सचिव पद पर शिवानी वैष्णव ने शारदा विश्नोई को 174 वोटों से हराया। शिवानी वैष्णव को 1107 वोट, शारदा विश्नोई को 933 वोट, कीर्ति सोनी को 803 वोट और अरायना खानम को 351 वोट मिले वही 39 वोट खारिज हुए है। जबकि कोषाध्यक्ष पद पर विजय शर्मा ने हरीचरण प्रजापत 383 वोट से हराकर कोषाध्यक्ष चुने गए।

विजय शर्मा को मिले 866 वोट, हरीचरण प्रजापत को 483 वोट, मोहनलाल गोदारा को 472 वोट, रामनिवास सांखला को 414 वोट, गोपालसिंह चारण को 342 वोट, सोनिका शर्मा को 306 वोट, मुरली सैन को 184 वोट और प्रदीप जैन को 122 वोट मिले। वहीं, 44 वोट खारिज हुए हैं। कुल मतदाता 3836 में से 3178 मतदाताओं ने मतदान किया।

देर रात तक वकीलों का भारी जमावड़ा

जोधपुर के अधिवक्ता संघों के चुनाव के परिणाम गुरुवार आधी रात बाद जारी हुए। देर रात तक मुख्य पदों की गिनती के दौरान हाइकोर्ट के नए और पुराने परिसर में वकीलों का भारी जमावड़ा रहा। अध्यक्ष पद से पहले अन्य पद और कार्यसमिति सदस्यों के निर्वाचन के परिणाम जारी होते रहे। रात करीब दो बजे अध्यक्ष पद के परिणाम जारी हुए। परिणाम घोषित होने के साथ विजय रहे प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी करते हुए ढोल थाली के साथ स्वागत एवं आतिशबाजी कर खुशिया मनाई। अल सुबह चार बजे तक सभी पदों के परिणाम घोषित होने के बाद चुनाव अधिकारी से सभी विजय पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र भी दिया। इसके बाद जोशी समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए जमकर डीजे की धुनों पर डांस करते हुए विजय जुलूस निकाला।

लॉयर्स एसोसिएशन के परिणाम

चुनाव अधिकारी मोतीसिंह राजपुरोहित ने बताया कि लॉयर्स एसोसिएशन में दिलीप सिंह उदावत अध्यक्ष जीते। दिलीप सिंह उदावत को 552, दिग्विजय सिंह जसोल को 477, मनीष व्यास को 441 और विनोद चौधरी को 327 मत मिले। उदावत 75 मत से जीते। अध्यक्ष सहित छह पदों के लिए 2141 अधिवक्ता मतदाताओं में से 1813 ने मतदान किया। उपाध्यक्ष पद पर शीतल कुम्मट को 1067 और रविन्द्रसिंह चंपावत को 667, महासचिव पद पर अरुण कुमार को 963, नवनीत सिंह विर्स को 463 व कैलाश जांगिड़ को 342, सह सचिव पद पर मिलाप चौपड़ा 921, केशव भाटी 737 और अशोक गोदारा 112, कोषाध्यक्ष पद पर रघुवीरसिंह भाटी 795, रविन्द्र पुरोहित 523 और दुर्गेश खत्री 416 और पुस्तकालय सचिव पद पर कोमल आर. वर्मा 703, शैलेन्द्र कुमार 635 व विकास के विश्नोई को 420 वोट मिले।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश