धौलपुर में हंसराज मीणा ने डीईओ का कार्यग्रहण किया

 


धौलपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान शिक्षा सेवा के वरिष्ठ अधिकारी हंसराज मीणा ने जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय प्रारंभिक) धौलपुर के पद पर कार्यभार संभाल लिया है। इससे पहले वे सरमथुरा के मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (सीबीईओ) पद पर कार्यरत थे, जहाँ से उनका स्थानांतरण धौलपुर किया गया है।

पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद नवागत डीईओ हंसराज मीणा ने जिले में शिक्षा के स्तर को ऊँचा उठाने और प्रशासनिक कामकाज में कसावट लाने के संकेत दिए। उन्होंने अपनी प्राथमिकताएँ स्पष्ट करते हुए कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में वर्षों या महीनों से लंबित पड़े प्रकरणों का त्वरित और समयबद्ध निस्तारण उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

मीणा ने कहा कि धौलपुर जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों की कार्यप्रणाली पर सीधी निगरानी रखी जाएगी। स्कूलों में अनुशासन, नियमित पठन-पाठन और बेहतर शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और शिक्षा विभाग की कल्याणकारी योजनाओं जैसे कि नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण, स्कूल यूनिफॉर्म, और मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) को धरातल पर पारदर्शी तरीके से लागू कराया जाएगा ताकि अंतिम छोर पर मौजूद विद्यार्थी को भी इसका पूरा लाभ मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप