नशा छोड़ें, योग अपनाएं और विकसित भारत के निर्माण में दें योगदान : मुख्यमंत्री
जयपुर, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषियों की अनमोल धरोहर है, जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ, संयमित और संतुलित जीवन जीने की राह दिखाई है। उन्होंने युवाओं और आमजन से नशे की लत छोड़कर योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा विकसित भारत और विकसित राजस्थान के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री मंगलवार को अलंकार पीजी कॉलेज में आयोजित 51वीं सब जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय योगासन स्पोर्ट्स चैम्पियनशिप के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों और वैश्विक स्तर पर योग को बढ़ावा मिलने के बाद आज योग, ध्यान और प्राणायाम दुनिया के करोड़ों लोगों की दिनचर्या का हिस्सा बन चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र द्वारा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा के बाद योग मानव कल्याण का वैश्विक माध्यम बन गया है।
उन्होंने कहा कि योग एकाग्रता बढ़ाने, निर्णय क्षमता मजबूत करने और जीवन में सकारात्मकता लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बदलती जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के दौर में स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग सरल और प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा से ही वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। राज्य सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए गांवों में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित कर रही है, जहां ऑनलाइन कक्षाओं और ई-पुस्तकालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही प्रत्येक पंचायत में खेल मैदान विकसित करने पर भी काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अब तक 1 लाख 93 हजार पदों पर नियुक्तियां दे चुकी है, जबकि 1 लाख 18 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। वहीं, सवा लाख पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है। निजी क्षेत्र में भी करीब 5 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए जयपुर में पांच देशों की भाषाओं का केंद्र शुरू किए जाने की जानकारी भी उन्होंने दी।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय पेपर लीक की घटनाएं सामने आती थीं, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को भरोसा दिलाया कि वे पूरी मेहनत और लगन से परीक्षा की तैयारी करें, सरकार उनके सपनों को टूटने नहीं देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने राजस्थान युवा नीति-2025 जारी की है। खेलों के बेहतर बुनियादी ढांचे और युवा प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों को ओलंपिक के लिए तैयार करने के उद्देश्य से राजस्थान टॉप्स योजना लागू की गई है। प्रदेश में 17 नए खेलो इंडिया केंद्र शुरू किए जा रहे हैं, जबकि 1,786 खिलाड़ियों के लिए 40 करोड़ 12 लाख रुपए का अनुदान स्वीकृत किया गया है।
समारोह में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय योगासन चैम्पियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली पश्चिम बंगाल की टीम, द्वितीय स्थान पर रही हरियाणा और तृतीय स्थान हासिल करने वाली महाराष्ट्र की टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। इस दौरान राजस्थान की टीम ने संगीतमय योगासन की आकर्षक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में सांसद राव राजेंद्र सिंह, अलंकार पीजी कॉलेज के चेयरमैन लालचंद कटारिया, पद्मश्री गुलाबो सपेरा, एशियन योग फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक कुमार अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, विभिन्न योग महासंघों के प्रतिनिधि और देशभर से आए बड़ी संख्या में प्रतिभागी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित