औद्योगिक विकास को बढ़ावा: रीको देगा 50 करोड़ का अंश पूंजी सहयोग, 20 करोड़ जारी
जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। राज्य में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) द्वारा राजस्थान वित्त निगम को 50 करोड़ रुपये का अंश पूंजी सहयोग देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस योजना के तहत अब तक 20 करोड़ रुपये की राशि जारी भी कर दी गई है, जिससे निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलने लगी है।
जानकारी के अनुसार, यह निर्णय राज्य सरकार की वित्तीय वर्ष 2024-25 की संशोधित बजट घोषणा के अनुरूप लिया गया है, जिसमें राजस्थान वित्त निगम के सुदृढ़ीकरण के लिए सरकार और रीको द्वारा 50-50 करोड़ रुपये देने का प्रावधान किया गया था।
रीको के निदेशक मंडल की स्वीकृति के बाद दोनों संस्थाओं के बीच शेयर सब्सक्रिप्शन एग्रीमेंट भी किया जा चुका है। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से राशि जारी की जा रही है। प्रथम किश्त के रूप में 10 करोड़ रुपये पहले ही जारी किए जा चुके थे, जबकि दूसरी किश्त के रूप में भी 10 करोड़ रुपये हस्तांतरित कर दिए गए हैं।
इस अंश पूंजी सहयोग के बदले राजस्थान वित्त निगम द्वारा रीको को समान मूल्य के इक्विटी शेयर आवंटित किए जाएंगे। यह व्यवस्था न केवल वित्तीय संतुलन बनाए रखेगी, बल्कि संस्थागत सहयोग को भी मजबूत करेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस कदम से राजस्थान वित्त निगम की ऋण देने की क्षमता में वृद्धि होगी, जिससे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) क्षेत्र को बड़ा लाभ मिलेगा। नए उद्योगों की स्थापना और विस्तार को प्रोत्साहन मिलने से राज्य में निवेश बढ़ेगा और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
राज्य सरकार का यह निर्णय औद्योगिक आधार को मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक विकास को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित