प्रताप नगर कोचिंग हब के टावर तीन टावर एनएफएसयू और सीएफएसएल को आवंटित

 




जयपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। राजस्थान आवासन मंडल के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को मंडल की 256वीं संचालक मंडल बैठक आयोजित हुई। बैठक में मंडल के कार्मिकों के हितों, संस्थागत सुदृढ़ीकरण, वित्तीय पारदर्शिता तथा जयपुर शहर में आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श कर स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में प्रताप नगर योजना, सांगानेर स्थित कोचिंग हब के बेहतर उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इसके तहत सेक्टर-16 स्थित कोचिंग हब के प्रशासनिक भवन के टावर संख्या 5, 7 एवं 8 को गृह विभाग, राजस्थान सरकार के माध्यम से नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी एवं केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला के शैक्षणिक एवं संस्थागत प्रयोजनार्थ आवंटित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इस निर्णय से जयपुर में फॉरेंसिक विज्ञान एवं वैज्ञानिक अनुसंधान से जुड़ी संस्थागत गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा कोचिंग हब की उपलब्ध परिसंपत्तियों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सकेगा।

इसी क्रम में कोचिंग हब के टावर संख्या-6 को आरएसी भवन तथा एआई आधारित साइबर हेल्पलाइन 1930 कॉल सेंटर के संचालन के लिए आवंटित करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इससे साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण एवं तकनीक आधारित सेवाओं के संचालन के लिए आवश्यक संस्थागत आधारभूत संरचना उपलब्ध हो सकेगी।

बैठक में जयपुर शहर की स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके अंतर्गत नगर निगम जयपुर को प्रताप नगर योजना के सेक्टर-5 में 9,128.72 वर्ग मीटर भूमि मेकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन एवं आधुनिक गैराज के निर्माण के लिए नि:शुल्क आवंटित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई। इस पहल से शहर में ठोस कचरा प्रबंधन एवं परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और आधुनिक बनाने में सहयोग मिलेगा।

मंडल के कार्मिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्मिक विभाग, राजस्थान सरकार की अधिसूचना 17 अगस्त के क्रम में वर्ष 2026-27 में नियमित कार्मिकों को पदोन्नति प्रदान किए जाने के लिए कार्यानुभव में शिथिलन के संबंध में कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त मंडल में गठित उद्यानिकी संवर्ग के लिए आवश्यक पदों के सृजन के प्रस्ताव को भी कार्योत्तर स्वीकृति दी गई। इससे मंडल की उद्यानिकी संबंधी गतिविधियों के लिए समर्पित मानव संसाधन उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।

बैठक में आवासन आयुक्त अरविन्द पोसवाल, सचिव गोपाल सिंह, मुख्य अभियंता अमित अग्रवाल, टी.एस. मीणा सहित अन्य उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश