विद्युत निगमों में 2163 पदों की भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी
जयपुर, 21 मार्च (हि.स.)। राजस्थान के विद्युत निगमों में तकनीशियन-तृतीय, ऑपरेटर-तृतीय और प्लांट अटेंडेंट-तृतीय के कुल 2163 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित मुख्य परीक्षा का परिणाम शनिवार को जारी कर दिया गया। यह परिणाम संबंधित विद्युत निगमों की आधिकारिक वेबसाइट्स पर अपलोड कर दिया गया है, जहां अभ्यर्थी अपने प्राप्तांक देख सकते हैं।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में विद्युत निगमों में भर्ती प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 24 से 27 नवम्बर 2025 तक किया गया था, जिसके आधार पर रिक्तियों के लगभग दस गुना अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया। इसके बाद 23 फरवरी 2026 को आयोजित मुख्य परीक्षा में कुल 23,789 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि उत्पादन निगम ने मात्र एक माह के भीतर ही मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर प्रक्रिया में तेजी का परिचय दिया है।
मुख्य परीक्षा में सफल घोषित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन एक अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 तक जयपुर स्थित चम्बल रेस्ट हाउस, हवा सड़क (सोडाला पुलिस थाने के पास) में किया जाएगा। दस्तावेज सत्यापन के लिए ग्रुप-1 में 4498, ग्रुप-2 में 63, ग्रुप-3 में 51 और ग्रुप-4 में 61, कुल 4673 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
इन अभ्यर्थियों की सूची संबंधित वेबसाइट्स पर उपलब्ध है और उन्हें ईमेल व एसएमएस के माध्यम से भी सूचना दी जा रही है। अभ्यर्थी अपने कॉल लेटर वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 9414056655 पर संपर्क कर सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित