डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग में यूनिटों का नए सिरे से पुनर्गठन
जोधपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के अस्थि रोग विभाग में वरिष्ठ आचार्य डॉ. महेश भाटी के 30 सितंबर को सेवानिवृत्त होने के बाद विभाग की कार्यप्रणाली को सुचारू बनाए रखने के लिए यूनिटों का नए सिरे से पुनर्गठन किया गया है। जोधपुर के महात्मा गांधी और मथुरादास माथुर अस्पताल में अब ऑर्थोपेडिक की 5 यूनिट संचालित होगी। एमजीएच में ऑर्थोपेडिक विभाग की एक यूनिट कम होगी, वहां केवल दो यूनिट का ही संचालन किया जाएगा।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बीएसजोधा, महात्मा गांधी चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. फतेह सिंह भाटी एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अरूण कुमार वैश्य की आपसी चर्चा के बाद अस्पतालों में फैकल्टी, ओपीडी और ओटी के दिनों का पुनर्गठन लागू किया गया है। इस व्यवस्था के तहत महात्मा गांधी चिकित्सालय में यूनिट ए की कमान वरिष्ठ आचार्य एवं यूनिट प्रभारी डॉ. किशोर रायचंदानी को सौंपी गई है, जिनके साथ सहायक आचार्य डॉ. मुकेश कुमार सैनी, डॉ. निरोत्तम सिंह और वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार रेहडू सेवाएं देंगे। यह यूनिट सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को ओपीडी तथा मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को ऑपरेशन थिएटर (ओटी) का कार्य संभालेगी। वहीं यूनिट सी में आचार्य एवं यूनिट प्रभारी डॉ. हेमन्त जैन के साथ सहायक आचार्य डॉ. महेन्द्र सिंह टाक व डॉ. गौतम चन्द को शामिल किया गया है, जो मंगलवार, गुरुवार व शनिवार को ओपीडी तथा सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को ओटी संभालेंगे।
दूसरी ओर, मथुरादास माथुर चिकित्सालय में यूनिट बी के प्रमुख स्वयं विभागाध्यक्ष व वरिष्ठ आचार्य डॉ. अरूण कुमार वैश्य होंगे, जिनके दल में सहायक आचार्य डॉ. देवेन्द्र सिंह गोदारा व कनिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. आशिष गौड़ शामिल हैं। इस यूनिट के लिए सोमवार व गुरुवार को ओपीडी तथा बुधवार व शनिवार को ओटी दिवस निर्धारित किया गया है।
यूनिट डी का जिम्मा आचार्य एवं यूनिट प्रभारी डॉ. रामनिवास बिश्नोई तथा सहायक आचार्य डॉ. कुलदीप धनकर के पास रहेगा, जो मंगलवार व शुक्रवार को ओपीडी तथा सोमवार व गुरुवार को ओटी देखेंगे। इसके अलावा यूनिट ई में सह-आचार्य एवं यूनिट प्रभारी डॉ. रामाकिशन, सहायक आचार्य डॉ. कुलदीप सिंह राठौड़ तथा चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित सोनी को तैनात किया गया है, जिनके जिम्मे बुधवार व शनिवार को ओपीडी तथा मंगलवार व शुक्रवार को ओटी का कार्य रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश