विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी कृतसंकल्पित : रामदास अठावले
जयपुर, 12 जून (हि.स.)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में विकास और जनकल्याण से जुड़ी कई ऐतिहासिक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी कृतसंकल्पित हैं।
जयपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में अठावले ने बताया कि केंद्र सरकार ने जातिगत जनगणना कराने का निर्णय लिया है, जिससे विभिन्न वर्गों और परिवारों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति का बेहतर आकलन किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत देशभर में 58.30 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जबकि राजस्थान में 3.84 करोड़ से अधिक खाते खोले गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत देश में 58.31 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 39.68 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऋण वितरित किया गया है। राजस्थान में वर्ष 2015 से 2026 तक 2.51 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 2.09 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऋण प्रदान किया गया।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत देशभर में 10.43 करोड़ गैस कनेक्शन तथा राजस्थान में 74.32 लाख कनेक्शन वितरित किए गए हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देशभर में करोड़ों परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि राजस्थान में शहरी क्षेत्र में 2.74 लाख से अधिक मकानों का निर्माण किया गया है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत देशभर में 12.17 करोड़ से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। राजस्थान में वर्ष 2018 से 2026 तक 95 लाख से अधिक लोगों को योजना का लाभ मिला है। उजाला योजना के तहत प्रदेश में पिछले एक दशक में 1.73 करोड़ एलईडी बल्ब वितरित किए गए हैं।
अठावले ने बताया कि नशा मुक्ति केंद्रों की स्थापना के लिए वर्ष 2021 से मार्च 2026 तक देशभर में 769 केंद्रों हेतु 580 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। राजस्थान में 35 केंद्रों के लिए 39.72 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जारी की गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और समावेशी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित