पूर्वी राजस्थान में राहत, पश्चिम तपा, 9 शहरों का पारा 42 पार, बाड़मेर @44.6

 


जयपुर, 01 मई (हि.स.)। पश्चिम विक्षोभ के असर से प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर चल रहा है। आंधी-बारिश के चलते प्रदेश के अधिकांश शहरों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के शहरों का तापमान 42 से 45 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। प्रदेश के 9 शहरों का अधिकतम तापमान 42 और 14 शहरों का न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से अधिक रिकॉर्ड किया गया। 44.6 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 29 डिग्री के साथ जोधपुर की रात सबसे गर्म रही। पश्चिम विक्षोभ के असर से आगामी दिनों में भी आंधी-बारिश का दौर चलता रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर के अलावा बीकानेर, फलौदी, जैसलमेर, चित्तौडग़ढ़, जोधपुर, चूरू,कोटा और पाली का दिन का तापमान 42 और जोधपुर के अलावा भीलवाड़ा, कोटा, चित्तौडग़ढ़, बाड़मेर, डबोक, जैसलमेर, बीकानेर, चूरू, संगरिया, जालोर, करौली, प्रतापगढ़ और लूणकरणसर का रात का पारा 25 डिग्री के पार पहुंच गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के कुछ भागों में आंधी बारिश के प्रभाव से तापमान में 2-6 डिग्री गिरावट दर्ज हुई है। वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज होकर तापमान 41-43 डिग्री दर्ज किये जा रहे हैं जो औसत सामान्य तापमान के आसपास है। राज्य में आगामी 4-5 दिन एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने तथा बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभाव से दोपहर बाद मेघगर्जन, तेज आंधी (40 50 किमी प्रतिघंटा) व कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है। आगामी 2-3 दिन दक्षिण-पश्चिमी भागों में अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री व शेष अधिकांश भागों में 40 से 43 डिग्री दर्ज होने की संभावना है। गुरुवार को राज्य में कहीं कहीं पर मेघगर्जन और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी दर्ज की गई। राज्य में गुरुवार को सर्वाधिक बारिश छबड़ा (बारां) में 18 मिलीमीटर दर्ज की गई।

जयपुर में देर रात बारिश हुई। बारिश का यह दौर करीब दो घंटे से अधिक समय तक चला। जयपुर में करीब आधा इंच से ज्यादा बारिश हुई। इससे जयपुर के रात के पारे में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में 13.2 इंच बारिश हुई। जयपुर का अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री दर्ज किया गया। शुक्रवार को जयपुर में हल्के से मध्यम छितराए बादल छाए रहे। इससे जयपुर के दिन के तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट दर्ज गई।

प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान

शहर तापमान

बाड़मेर 44.6

बीकानेर 44.2

फलौदी 43.8

जैसलमेर 43.5

चित्तौडग़ढ़ 42.8

पाली 42.8

जोधपुर 42.6

चूरू 42.3

कोटा 42.1

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश