रेडमी नोट 17 5जी लॉन्च: 8000 एमएएच बैटरी के साथ तीन दिन तक चलेगा स्मार्टफोन
जयपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। शाओमी इंडिया ने शुक्रवार को अपनी लोकप्रिय रेडमी नोट सीरीज का नया स्मार्टफोन रेडमी नोट 17 5जी भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया। कंपनी का दावा है कि यह रेडमी ब्रांड का अब तक का सबसे बड़ी 8000 एमएएच सिलिकॉन-कार्बन बैटरी वाला स्मार्टफोन है, जो सामान्य उपयोग में एक बार चार्ज करने पर तीन दिन तक की बैटरी लाइफ देने में सक्षम है। इसके साथ प्रीमियम 120 एचजेड ट्रूकलर AMOLED डिस्प्ले, स्नैपड्रैगन 4 जेन 4 प्रोसेसर, लंबे समय तक सॉफ्टवेयर सपोर्ट और मजबूत डिजाइन जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
कंपनी के अनुसार, रेडमी नोट 17 में 8000 एमएएच सिलिकॉन-कार्बन बैटरी के बावजूद इसकी मोटाई केवल 8.4 मिमी रखी गई है। स्मार्टफोन 45 वॉट टर्बो चार्जिंग को सपोर्ट करता है और चार्जर बॉक्स में ही उपलब्ध कराया गया है। इसके अलावा इसमें 22.5 वॉट रिवर्स वायर्ड चार्जिंग की सुविधा भी दी गई है। बैटरी को टीयूवी प्रमाणित दीर्घायु मिली है, जिसके तहत 1,600 चार्जिंग साइकल के बाद भी यह अपनी मूल क्षमता का 80 प्रतिशत तक बनाए रखती है।
मनोरंजन के लिए फोन में 6.9 इंच (12.75 सेमी) ट्रूकलर AMOLED डिस्प्ले दिया गया है, जिसमें 120एचजेड अडैप्टिवसिंक रिफ्रेश रेट, 100 प्रतिशत DCI-P3 कलर गैमट और 1800 निट्स तक की पीक ब्राइटनेस मिलती है। बेहतर ऑडियो अनुभव के लिए 200 प्रतिशत वॉल्यूम स्पीकर, गीले हाथों से भी सहज संचालन के लिए हाइड्रोटच 2.0 और आंखों की सुरक्षा के लिए टीयूवी रीनलैंड आई केयर प्रमाणन भी दिया गया है।
रेडमी नोट 17 में 4 नैनोमीटर आधारित स्नैपड्रैगन 4 जेन 4 मोबाइल प्लेटफॉर्म दिया गया है। इसमें मेमोरी एक्सटेंशन के साथ 16GB तक रैम, 2TB तक एक्सपेंडेबल स्टोरेज, 10,416 वर्ग मिमी ग्रेफाइट कूलिंग सिस्टम और शाओमी का लॉन्ग-टर्म फ्लुएंसी इंजन उपलब्ध है। कंपनी का दावा है कि यह स्मार्टफोन 48 महीनों तक स्मूद परफॉर्मेंस देने के लिए तैयार किया गया है।
फोटोग्राफी के लिए स्मार्टफोन में 50 मेगापिक्सल एआई डुअल रियर कैमरा और 8 मेगापिक्सल एआई फ्रंट कैमरा दिया गया है। कैमरा सिस्टम में नाइट मोड, एआई HDR, डायनेमिक शॉट्स, एआई एडिटर और 2x इन-सेंसर जूम जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं।
यह स्मार्टफोन एंड्रॉयड 16 आधारित हाइपरओएस 3 पर चलता है और कंपनी इसके साथ 4 वर्षों तक एंड्रॉयड अपडेट तथा 6 वर्षों तक सुरक्षा अपडेट उपलब्ध कराएगी। डिवाइस में सुरक्षा के लिए कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास 7आई, धूल और पानी से बचाव के लिए IP65 रेटिंग दी गई है। फोन डार्क नाइट, आर्कटिक ब्लू और स्टारलाइट पर्पल रंगों में उपलब्ध होगा।
रेडमी नोट 17 5जी का 6जीबी + 128जीबी वेरिएंट 27,999 रुपये की एमआरपी पर लॉन्च किया गया है, जबकि इसकी प्रारंभिक कीमत 24,999 रुपये रखी गई है। वहीं 8GB + 128जीबी वेरिएंट की एमआरपी 30 हजार 999 रुपये और प्रारंभिक कीमत 27 हजार 999 रुपये है। यह प्रारंभिक कीमत एसबीआई, एक्सिस बैंक और कोटक बैंक के क्रेडिट कार्ड एवं ईएमआई लेनदेन पर 3 हजार रुपये के इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट के बाद लागू होगी।
कंपनी ग्राहकों को जियो ट्रू 5जी के साथ 5टीबी जियोएआई क्लाउड स्टोरेज, 3 माह की यूट्यूब प्रीमियम लाइट सदस्यता तथा 6 माह की गूगल वन (200जीबी क्लाउड स्टोरेज) सदस्यता भी दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश