रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना-2025 में कोटा मंडल के रेलकर्मी रविन्द्र लखारा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रेरणा पुरस्कार
काेटा, 13 जुलाई (हि.स.)। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में वरिष्ठ प्रचार निरीक्षक के पद पर कार्यरत ‘रविन्द्र लखारा’ को रेल मंत्रालय, रेलवे बोर्ड की प्रतिष्ठित रेल यात्रा वृत्तांत पुरस्कार योजना-2025 के अंतर्गत प्रेरणा पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। उनके द्वारा लिखित हिंदी रेल यात्रा वृत्तांत भोपाल से जोधपुर की मेरी यात्रा: एक यादगार दीपावली को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा ने इस उपलब्धि पर रविन्द्र लखारा को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनके व्यक्तिगत रचनात्मक कौशल का प्रमाण है, बल्कि कोटा मंडल एवं पश्चिम मध्य रेलवे के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस उपलब्धि से रेल कर्मचारियों में हिंदी लेखन तथा सृजनात्मक अभिव्यक्ति के प्रति रुचि और अधिक बढ़ेगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि रेल मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से साहित्यकारों, रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों की हजारों प्रविष्टियां प्राप्त होती हैं। इनमें से रेलवे बोर्ड द्वारा केवल आठ प्रतिभागियों का चयन प्रथम, द्वितीय, तृतीय तथा पांच प्रेरणा पुरस्कारों के लिए किया जाता है। रविन्द्र लखारा को इस उपलब्धि के लिए रेलवे बोर्ड द्वारा 4,000 रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया जाएगा।
यह कोटा मंडल के लिए विशेष उपलब्धि है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित हिंदी रेल यात्रा वृत्तांत प्रतियोगिता में कोटा मंडल से जुड़े किसी रेल कर्मचारी को पहली बार सम्मानित किया गया है। चूंकि यह प्रतियोगिता रेलवे बोर्ड के राजभाषा विभाग द्वारा ही आयोजित की जाती है, अतः यह उपलब्धि सीधे तौर पर कोटा मंडल के राजभाषा विभाग की उपलब्धियों में भी एक नया अध्याय जोड़ती है और मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार हेतु किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाती है। यह उपलब्धि रेल कर्मचारियों में साहित्यिक एवं रचनात्मक लेखन को भी नई प्रेरणा प्रदान करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव