मानपुरा में राशन के गेहूं के लिए एक माह से ग्रामीण लगा रहे चक्कर
चित्तौड़गढ़, 29 जुलाई (हि.स.)। राशन डीलर के माध्यम से सरकार की और से वितरण किए जाने वाले खाद्यान के मामले में कई प्रकार की गड़बड़ियां सामने आती है। पिछले दिनों राशन डीलरों के विरूद्ध कार्यवाही और एफआईआर की कार्यवाही भी की गई है। इसी प्रकार का एक मामला चित्तौड़गढ़ शहर के निकट मानपुरा ग्राम पंचायत में सामने आया है। यहां राशन डीलर की और से पिछले एक माह से गेहूं का वितरण नहीं किया जा रहा था। ऐसे में बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरूष राशन की दुकान पर एकत्र हो गए और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने लगे। सूचना पर रसद विभाग की प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी मौके पर पहुंची और उनकी मौजूदगी में राशन के गेहूं का वितरण करवाया।
रसद विभाग चित्तौड़गढ़ की प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी ने बताया कि मानपुरा में गेहूं का वितरण राशन डीलर द्वारा नहीं किया जा रहा था। वहीं माह की एक तारीख को वितरण होना था। वहीं मानपुरा में कभी पॉस मशीन नहीं चलने और दूसरे बहानों काे लेकर रोज ग्रामीणों का टरकाया जा रहा था। ऐसे में बुधवार को बड़ी संख्या में महिला-पुरूष राशन की दुकान पर एकत्र हो गए और भारी भीड़ जमा हो गई। कुछ युवाओं ने सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल किए। मामले की शिकायत रसद विभाग को मिली। इसके बाद प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी मौके पर पहुंची और दुकान खुलवा कर वितरण शुरु करवाया।
प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि जब रसद विभाग की टीम राशन की दुकान पर पहुंची तो राशन विक्रेता ने पॉस मशीन खराब होना बताया। वहीं उन्होंने दुकान खुलवा कर मशीन चलाई तो मशीन चल गई। फिर भारी भीड़ की मौजूदगी में राशन वितरण शुरु करवाया। प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी ने बताया कि 3 माह के गेहूं का वितरण एक साथ किया जा रहा है और यह अनाज एक जुलाई को दिया जाना था लेकिन दुकानदार द्वारा टालमटोल किया जा रहा है। बताया जाता है कि इस दुकान पर 70 से 80 क्विंंटल खाद्यान का आवंटन है। गौरतलब है कि मानपुरा की राशन डीलर मानपुरा सरपंच की करीबी रिश्तेदार है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल