आरक्षण सुधार को लेकर जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय करणी सेना का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार से

 


जयपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। आरक्षण व्यवस्था में सुधार, समान अवसर और पारदर्शिता की मांग को लेकर राष्ट्रीय करणी सेना अब दिल्ली में आंदोलन करने जा रही है। राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव सिंह शेखावत के नेतृत्व में 21 अगस्त से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। गुरुवार को चित्रकूट स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में आंदोलन की तैयारियों को अंतिम रूप देकर जत्थे को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

राष्ट्रीय प्रवक्ता नरेन्द्र सिसोदिया ने बताया कि शिव सिंह शेखावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में करणी सैनिकों और सर्व समाज के गणमान्य लोगों का काफिला दिल्ली के लिए रवाना हुआ। रवानगी से पूर्व क्षत्राणियों ने तिलक लगाकर जत्थे को शुभकामनाएं दीं। इससे पहले कार्यालय में आयोजित बैठक में आंदोलन की रणनीति और रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।

शिव सिंह शेखावत ने कहा कि संसद, विधानसभा और निकाय चुनावों में आरक्षण का लाभ एक बार प्राप्त कर चुके व्यक्तियों के स्थान पर उसी वर्ग के नए और वास्तविक जरूरतमंदों को अवसर मिलना चाहिए। इससे लोकतंत्र में व्यापक भागीदारी बढ़ेगी। जिलेवार भूखमरी, कुपोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा और जीवन स्तर के वास्तविक आंकड़ों के आधार पर नीतियां और बजट तय करने की मांग की गई।

शिव सिंह शेखावत ने स्पष्ट किया कि जंतर-मंतर पर यह आंदोलन पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण रहेगा। इसमें सर्व समाज, युवा और मातृशक्ति शामिल होकर आरक्षण सुधार और पारदर्शिता के लिए आवाज बुलंद करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश