आरएएस-2024 परिणाम घोषित: बाड़मेर के दिनेश विश्नोई टॉपर, 1096 नए अफसर मिलेंगे राजस्थान को

 


जयपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान लोक सेवा आयोग ने शनिवार को राजस्थान राज्य और अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। साक्षात्कार के बाद आयोग द्वारा जारी टॉपर्स सूची में बाड़मेर के दिनेश विश्नोई ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि जैसलमेर के वीरेंद्र चारण दूसरे स्थान पर रहे। इस भर्ती के जरिए प्रदेश को जल्द ही 1096 नए प्रशासनिक अधिकारी मिलेंगे, जिनमें 428 राज्य सेवा और 668 अधीनस्थ सेवा के पद शामिल हैं।

आयोग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार साक्षात्कार के बाद जारी अंतिम परिणाम सूची में कुल 2391 अभ्यर्थियों की मेरिट लिस्ट जारी की गई है। टॉप-20 में नवनीत शर्मा (तीसरे), रवीन्द्र सिंह (चौथे), विकास सियाग (पांचवें), ऐश्वर्या कंवर (छठे), दिनेश (सातवें), शालू (आठवें), भूपेंद्र सिंह (नौवें), रामसिंह गुर्जर (दसवें) और यशवंत सांदू (ग्यारहवें) सहित अन्य अभ्यर्थियों ने जगह बनाई। लिखित परीक्षा में टॉपर दिनेश विश्नोई ने 800 में से सर्वाधिक 302.50 अंक प्राप्त किए। वहीं इंटरव्यू में वीरेंद्र चारण को दिनेश से 9 अंक अधिक मिले। नौवें स्थान पर रहे भूपेंद्र सिंह को इंटरव्यू में सर्वाधिक 67 अंक प्राप्त हुए। बीकानेर के विकास सियाग ने पांचवीं रैंक हासिल की है, उन्होंने अगले चरण में शामिल होने से इनकार कर दिया है। वे पहले से आरएएस ट्रेनिंग में हैं।

उल्लेखनीय है कि आरएएस-2024 भर्ती प्रक्रिया को पूरा होने में लगभग एक साल सात महीने से अधिक का समय लगा।

पिछले वर्षों की तुलना में यह अवधि अपेक्षाकृत कम रही है, हालांकि 2010-11 की भर्ती का एक साल में पूरा होने का रिकॉर्ड अभी भी कायम है। इस भर्ती में छह लाख 75 हजार 80 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से तीन लाख 75 हजार 665 अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से 21 हजार 539 अभ्यर्थी मेंस परीक्षा के लिए चयनित हुए और अंततः 2461 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया।

आयोग ने 1 दिसंबर 2025 से साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू की, जो 17 अप्रैल 2026 तक 9 चरणों में पूरी हुई। इसके अगले ही दिन परिणाम जारी कर दिया गया।

आयोग ने 10 अभ्यर्थियों के परिणाम रोके हैं, जिनमें 5 का परिणाम सील्ड कवर में है, जबकि 3 मामले न्यायालय में लंबित हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित