राव बीकाजी संस्थान के पांच दिवसीय कार्यक्रम 15 अप्रैल से, प्रदर्शनी से होगा आगाज

 


बीकानेर, 29 मार्च (हि.स.)। राव बीकाजी संस्थान की ओर से बीकानेर स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष भी विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। कार्यक्रमों का शुभारंभ 15 अप्रैल से होगा।

संस्थान अध्यक्ष डॉ. गिरिजा शंकर शर्मा ने बताया कि इस वर्ष एंटीक वस्तुओं की प्रदर्शनी, पारंपरिक लोक संगीत, विचार गोष्ठी, त्रिभाषा काव्य संगम तथा बीकाजी प्रतिमा पूजन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।

महामंत्री विद्यासागर आचार्य के अनुसार इस बार पारंपरिक स्थलों के साथ कुछ नए स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने के लिए संस्थान की बैठक हिंदी विश्वभारती अनुसंधान परिषद कक्ष में कोषाध्यक्ष रामलाल सोलंकी की अध्यक्षता में आयोजित हुई।

समन्वयक अभिषेक आचार्य ने बताया कि 15 अप्रैल को महारानी सुदर्शन कला दीर्घा में रामकिशन सोनी के एंटीक संग्रह की प्रदर्शनी से कार्यक्रमों की शुरुआत होगी। 16 अप्रैल को महिला मंडल विद्यालय के ऐतिहासिक हॉल में लोक गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी। 17 अप्रैल को चौपाटी में त्रिभाषा काव्य संगम होगा, जिसमें हिंदी, उर्दू और राजस्थानी के रचनाकार भाग लेंगे।

18 अप्रैल को होटल लक्ष्मी निवास में विचार गोष्ठी आयोजित होगी, जबकि 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के अवसर पर राव बीकाजी की प्रतिमा का पूजन कर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और युवाओं का सम्मान किया जाएगा।

बैठक में वरिष्ठ साहित्यकार भवानी शंकर को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा नए सदस्यों का स्वागत किया गया। संस्थान ने आमजन से कार्यक्रमों में सहभागिता का आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव