छोटी काशी में फिर सजेगा रामलीला का मंच
जयपुर, 10 अक्टूबर (हि.स.)। छोटी काशी जयपुर में रामलीला की समृद्ध परंपरा फिर जीवंत होने जा रही है। श्री सनातन धर्म महोत्सव समिति की ओर से आयोजित रामलीला में वृंदावन के कलाकार भगवान श्रीराम की लीलाओं का सजीव मंचन करेंगे। 14 अक्टूबर को चांदपोल स्थित रामचंद्रजी मंदिर से राम बरात निकलेगी, जो चांदपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार और जौहरी बाजार होते हुए रामलीला मैदान पहुंचेगी। यहां श्रीराम-जानकी विवाह उत्सव मनाया जाएगा।
समिति की ओर से शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जयपुर लोकसभा सांसद और समिति की संरक्षक मंजू शर्मा ने बताया कि जयपुर सनातन आस्था और धार्मिक परंपराओं की नगरी है। शहर की स्थापना के समय से ही यहां भगवान श्रीराम की आराधना की परंपरा रही है। रामदरबार और हनुमानजी के मंदिर जयपुर की सांस्कृतिक पहचान के अभिन्न अंग हैं।
उन्होंने कहा कि पहले परिवार के साथ रामलीला देखने जाते थे। घर लौटकर बच्चे रामलीला के पात्रों और उनके आदर्शों की चर्चा करते थे। माता-पिता और बुजुर्ग उन्हें रामायण के प्रसंगों का अर्थ समझाते थे। इस तरह रामलीला की सीख घर-घर तक पहुंचती थी और बच्चे उसे अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा लेते थे।
मंजू शर्मा ने कहा कि रामलीला को सजीव देखने का मन पर गहरा प्रभाव पड़ता है। भगवान श्रीराम की मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्श लोगों को जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने की प्रेरणा देते हैं। इसी तरह रामलीला के माध्यम से भरत का त्याग, लक्ष्मण का समर्पण, सीतामाता का धैर्य के संदेश मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से भी अधिक लोगों तक पहुंचाए जा सकते हैं। इससे भारत की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का व्यापक प्रसार होगा।
सांसद मंजू शर्मा ने जयपुरवासियों से परिवार सहित रामलीला में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि अपनी संस्कृति को जीवंत रखना और नई पीढ़ी को उससे जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसलिए परिवार सहित रामलीला देखने जरूर आए सजीव मंचन बच्चों युवाओं के मन पर गहरा असर डालता है।
समिति के संरक्षक प्रवीण बड़े भैया (सरस् निकुंज) ने कहा कि रामलीला के माध्यम से समाज मे आ रही विकृतियों और संस्कृति को हो रहे नुकसान से आनेवाली पीढी को बचाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि रामलीला 11 अक्टूबर को गणेश पूजन, नारद मोह लीला और राम जन्म से शुरू होगी और 20 अक्टूबर को विजयादशमी पर रावण और श्रीराम राज्याभिषेक के साथ सम्पन्न होगी। इस अवसर पर समिति के स्वागत अध्यक्ष अनुराग ने कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर रामलीला के कार्यक्रम का पोस्टर विमोचन भी किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश