निम्बार्क कॉलेज में भूमि पूजन के साथ रामलीला मंच निर्माण शुरू
उदयपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। झीलों की नगरी उदयपुर में 9 अक्टूबर से होने जा रही भव्य दस दिवसीय रामलीला की तैयारियां सोमवार को विधिवत भूमि पूजन और मंच निर्माण के शुभारंभ के साथ शुरू हो गईं। निम्बार्क महाविद्यालय परिसर स्थित स्थानीय राड़ाजी स्थानक पर धार्मिक अनुष्ठान के बीच श्रीफल, अगरबत्ती एवं भोग अर्पित कर आयोजन के निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की गई।
श्रीराम लीला समिति के अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी के नेतृत्व में आयोजित इस पूजन कार्यक्रम में दुल्हेसिंह सारंगदेवोत, भंवरलाल शर्मा, मगन जोशी, डॉ. विजय विप्लवी, हरीश मारवाड़ा, अशोक बाबेल, रमेश पुरोहित, दीपक डांगी और धरणीधर तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूजन के पश्चात मैदान में भव्य मंच निर्माण का कार्य शुरू कर दिया गया।
भूमि पूजन के बाद आयोजित समिति की बैठक में रामलीला महोत्सव के दौरान बच्चों में भारतीय सनातन संस्कृति के संस्कार सिंचित करने के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताओं के आयोजन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
संयोजक डॉ. विप्लवी ने बताया कि वृंदावन से आने वाला दल 8 अक्टूबर को उदयपुर पहुंच जाएगा। इससे पूर्व, दल के प्रमुख उदयपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
इतिहास में पहली बार इतना वृहद आयोजन
समिति अध्यक्ष धर्मनारायण जोशी ने बताया कि उदयपुर के इतिहास में पहली बार इतने विशाल स्तर पर दस दिवसीय रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें वृंदावन के प्रसिद्ध 'पुष्टिमार्गीय श्री कृष्ण लीला संस्थान' के 40 वरिष्ठ एवं कुशल कलाकार अपने सशक्त अभिनय, भाव-भंगिमाओं और संगीतमय संवादों के माध्यम से श्रीराम कथा के विभिन्न प्रसंगों को जीवंत करेंगे। रामलीला का मंचन 9 से 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन सायंकाल 7 से 10 बजे तक निम्बार्क कॉलेज मैदान में होगा।
9 को नारद मोह से शुरुआत, 20 को रावण दहन
रामलीला की शुरुआत 9 अक्टूबर को नारद मोह एवं श्रीराम अवतार के प्रयोजन प्रसंग के साथ होगी। 18 अक्टूबर को कुंभकरण, मेघनाद व रावण वध के पश्चात प्रभु श्रीराम के अयोध्या आगमन और भव्य राज्याभिषेक के साथ लीला का समापन होगा। इसके बाद द्वितीय चरण में विजयादशमी के अवसर पर 20 अक्टूबर को शाम 6 बजे सेक्टर-14 नेला स्थित कल्लाजी बावजी चौराहे पर भव्य रावण दहन का आयोजन किया जाएगा, जहाँ पश्चिमी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता