जिसे भी टिकट देंगे उसे ही प्रमुख और प्रधान बना देने का प्रण लाे : गाेविंद सिंह डाेटासरा
बीकानेर, 03 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि अपना और पराया छाेड़कर पंचायत चुनाव मैदान में उतरें। वे बाेले कि ये भी प्रण लाे कि जिसे भी टिकट देंगे उसे ही प्रमुख और प्रधान बना देंगे। राजस्थान की भाजपा सरकार के झूठे वादाें के खिलाफ लड़ना हाेगा।
उदयरामसर-नोखा रोड स्थित पूर्व सांसद रामेश्वर डूडी के समाधिस्थल पर डूडी की श्रद्धांजलि सभा में प्रतिपक्ष नेता टीकाराम जूली के साथ पहुंचे डाेटासरा ने कहा कि जिस तरह से स्थानीय निकाय में कांग्रेस ने बीकानेर शहर में मेयर बनाया है, ठीक वैसे ही पंचायत चुनाव में कांग्रेस को जीतकर दिखाना है। उन्हाेंने कहा कि भजनलाल सरकार में किसान को बीज तक नकली मिल रहा है। कांग्रेस को एक जुट होकर लड़ना होगा। उन्होंने कांग्रेस नेता डॉ. बी.डी. कल्ला, शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल का जिक्र करते हुए कहा कि इन्होंने जीतकर दिखा दिया है तो आप भी गांव में जीत दिलाकर बताओ।
डोटासरा ने कहा कि मैंने कभी जिंदगी में कभी झूठ नहीं बोला, गलती हो सकती है लेकिन झूठ नहीं बोला। उन्होंने कांग्रेस का हाथ मजबूत करने की अपील की।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि रामेश्वर डूडी को श्रद्धांजलि देने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर आज ही जुट जाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को युवा नेता देने वाले डूडी को याद करके भावुक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्ज माफ हुआ तो इसका श्रेय सिर्फ रामेश्वर डूडी को जाता है। जिन्होंने नेता प्रतिपक्ष रहते हुए विधानसभा में धरना दिया।
पूर्व मंत्री गोविन्द मेघवाल ने कहा कि पंचायत राज के चुनाव में कांग्रेस को बड़ी जीत हासिल करके डूडी को श्रद्धांजलि देनी चाहिए। अगर हम हार गए, तो लोग कहेंगे डूडी की टीम कमजोर रह गई। लोकसभा में कांग्रेस बीकानेर में लगातार हार रही है, इस पर भी सोचना चाहिए।
नोखा विधायक और डूडी की पत्नी सुशीला डूडी भावुक हो गई। उन्होंने कहा कि हम नाराज होते थे कि डूडी घर पर समय नहीं देते थे, आज जब जनता का प्यार देखती हूं तो पता चलता है कि डूडी जनता के लिए बने थे। ये कहते हुए नोखा विधायक भावुक हो गई। उनकी आंखों से आंसु टपक पड़े। फिर भी उन्होंने खुद को संभाला और संबोधन पूरा किया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गाेपाल मेघवाल, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग के अनुसार बीकानेर, नागौर सहित प्रदेशभर के कई क्षेत्राें से कांग्रेस नेता डूडी को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके समाधि स्थल पहुंचे हैं। इस माैके पर पूर्व मंत्री डाॅ. बी.डी.कल्ला, पूर्व मेयर हाजी मकसूद अहमद, लक्ष्मण कड़वासरा, हाजी जिया उर रहमान आरिफ सहित अनेक कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता माैजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव