रामदेवरा जाने वाले जातरुओं की प्यास बुझाएगा 26 हजार लीटर का ‘सेवा रथ’
जोधपुर, 04 सितम्बर (हि.स.)। रामदेवरा मेले में विभिन्न राज्यों से आने वाले जातरुओं की प्यास बुझाने के लिए सिंधी समाज के लाल सेवा संस्थान की ओर से ठंडे एवं मीठे जल की सेवा शुरू की गई। झूलेलाल मार्ग स्थित प्रेम प्रकाश दरबार से 26 हजार लीटर क्षमता वाले 16 पहियों के टैंकर का विधिवत श्रीगणेश किया गया। इस दौरान बाबा रामदेव के जयकारे लगाए गए।
संस्था के हरीश आवतानी ने बताया कि विशाल टैंकर के माध्यम से रामदेवरा मार्ग पर आने-जाने वाले जातरुओं के लिए ठंडे-मीठे जल की व्यवस्था की जाएगी। शीत भंडारण वाहन के माध्यम से टैंकर के कई फेरे लगाए जाएंगे और जोधपुर की ओर से रामदेवरा जाने वाले मार्ग पर भी लगातार जल सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि लाल सेवा संस्थान की ओर से यह सेवा पिछले कई वर्षों से निरंतर संचालित की जा रही है। सेवा कार्य में महादेव गुरबाणी, चंद्र चंदानी, विक्की पारवानी, सुंदरदास बुधवानी, नरेंद्र गुरनानी, किशोर बुधवानी, जीतू लधानी, महेश देवनानी, सुधांशु भटेजा, भावेश आवतानी सहित समाज के अनेक सेवाभावी कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश