मेले में रामदेवरा के लिए चलेगी 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

 


जोधपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। रामदेवरा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। यात्री मांग को देखते हुए चार जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों का चरणबद्ध तरीके से संचालन किया जाएगा। इनमें भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच तीन जोड़ी तथा श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच एक जोड़ी ट्रेन शामिल है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि रामदेवरा के लिए पहली ट्रेन 28 अगस्त से प्रारंभ होगी। ट्रेन संख्या 04861/04862 भगत की कोठी-रामदेवरा मेला स्पेशल 28 अगस्त से 25 सितंबर तक कुल 29 ट्रिप चलेगी। ट्रेन भगत की कोठी से सुबह 9.10 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। वापसी में रामदेवरा से दोपहर 2 बजे रवाना होकर शाम 5.30 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इसमें 12 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित 14 कोच होंगे। ट्रेन में सभी डिब्बे अनारक्षित होंगे। उन्होंने बताया कि यात्री मांग बढऩे के साथ 11 सितंबर से दो और जोड़ी स्पेशल ट्रेनें संचालित होंगी। ट्रेन संख्या 04863/04864 सुबह तथा 04865/04866 शाम-रात्रि सेवा के रूप में 25 सितंबर तक 15-15 ट्रिप चलेंगी।

इनका स्पेशल ट्रेनों का ठहराव जोधपुर, राईका बाग, महामंदिर, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिंवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी सहित प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा। वहीं 12 सितंबर से श्रीगंगानगर-पोकरण स्पेशल भी शुरू होगी। ट्रेन संख्या 04741/04742 का संचालन 26 सितंबर तक कुल 15 ट्रिप किया जाएगा। ट्रेन श्रीगंगानगर से सुबह 10.15 बजे रवाना होकर शाम 7.50 बजे पोकरण पहुंचेगी। वापसी में पोकरण से रात 8.45 बजे चलकर अगले दिन सुबह 7.50 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी। इस ट्रेन में 15 साधारण श्रेणी और दो गार्ड डिब्बों सहित 17 कोच होंगे। रेलवे की ओर से यात्री मांग के अनुरूप चरणबद्ध संचालन की यह व्यवस्था मेले के दौरान श्रद्धालुओं को अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध कराने के साथ नियमित ट्रेनों में यात्री दबाव को संतुलित करने में मदद करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश