रक्षाबंधन 28 अगस्त को सुकर्मा योग में: इस बार भद्रा रहित मनेगा भाई-बहन का पर्व
जयपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन इस बार 28 अगस्त, शुक्रवार को सुकर्मा योग में मनाया जाएगा।
पंडित राजेश कुमार शर्मा के अनुसार इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा। बहनें भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उसकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करेंगी, वहीं भाई बहन की रक्षा का संकल्प लेंगे।
पंडित राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 9:10 बजे शुरू होगी और 28 अगस्त को सुबह 9:50 बजे तक रहेगी। उदया तिथि के अनुसार रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त को मनाया जाएगा।
राखी बांधने का श्रेष्ठ मुहूर्त 28 अगस्त को सुबह 7:38 से 9:50 बजे तक रहेगा। इस दौरान राखी बांधने के लिए 2 घंटे 12 मिनट का समय मिलेगा। इसके अलावा दोपहर 12:25 से 2:01 बजे तक भी राखी बांधने का शुभ मुहूर्त रहेगा।
इस बार रक्षाबंधन पर सुकर्मा योग का संयोग बन रहा है। पंडित शर्मा के अनुसार सुकर्मा योग के स्वामी देवराज इंद्र और नियंत्रक ग्रह मंगल माने जाते हैं। इस योग में किए गए कार्यों में बाधाएं कम होती हैं और सफलता मिलने की मान्यता है।
पंडित शर्मा के अनुसार इस बार रक्षाबंधन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा। हालांकि 28 अगस्त को राहुकाल सुबह 10:50 बजे से दोपहर 12:25 बजे तक रहेगा। इस दौरान राखी बांधने से बचने की सलाह दी गई है। राहुकाल समाप्त होने के बाद दोपहर 12:25 से 2:01 बजे तक राखी बांधना शुभ रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश