पूनिया और अल्का गुर्जर का राज्यसभा जाना राजस्थान के लिए गर्व की बात : मुख्यमंत्री
जयपुर, 08 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अल्का गुर्जर के अनुभव का लाभ अब केवल राजस्थान ही नहीं, बल्कि पूरे देश को मिलेगा। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं का संसद के उच्च सदन राज्यसभा में जाना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री सोमवार को विधानसभा स्थित पक्ष लॉबी में आयोजित भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने पिछले 12 वर्षों में अभूतपूर्व विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। डबल इंजन सरकार प्रदेश में भी विभिन्न जनहितकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि ग्राम विकास रथ और ग्राम विकास चौपाल जैसे कार्यक्रमों के जरिए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के माध्यम से जनभागीदारी के साथ जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए ऐतिहासिक कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना पार्टी कार्यकर्ताओं का दायित्व है। इसी उद्देश्य से 5 जून से 21 जून तक ‘12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, कार्यशालाएं, सेमीनार तथा मंदिरों में आरती जैसे आयोजन शामिल हैं।
बैठक के बाद भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अल्का गुर्जर ने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार सहित पार्टी के अनेक विधायक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित