राज्यसभा चुनाव: डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर ने भरा नामांकन
जयपुर, 08 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा उम्मीदवार डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर ने सोमवार को राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा सहित पार्टी के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। नामांकन से पूर्व भाजपा प्रदेश मुख्यालय में दोनों उम्मीदवारों का स्वागत एवं सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।
नामांकन के बाद डॉ. सतीश पूनिया ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा ने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर उसे देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्थाओं में प्रतिनिधित्व का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत हैं और पार्टी हमेशा समर्पण, मेहनत तथा संगठन के प्रति निष्ठा का सम्मान करती है। पूनिया ने कहा कि राज्यसभा में पहुंचने के बाद वे राजस्थान के हितों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और प्रदेश के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और वे उसी सोच को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। पार्टी नेतृत्व द्वारा जताए गए विश्वास को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
वहीं राज्यसभा उम्मीदवार डॉ. अलका गुर्जर ने कहा कि भाजपा ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं बल्कि महिलाओं, वंचित वर्गों और संगठन के लाखों कार्यकर्ताओं का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं को नेतृत्व और प्रतिनिधित्व के अवसर दिए हैं तथा राज्यसभा में पहुंचकर वे महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाएंगी।
डॉ. अलका गुर्जर ने कहा कि महिला को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाकर भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम की भावना को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा उनके लिए प्राथमिक मुद्दा रहेगा और देश के सर्वोच्च सदन में इस विषय को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सशक्तीकरण और सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है।
गुर्जर समाज से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा समाज के हितों में काम किया है। नामांकन से पूर्व भाजपा मुख्यालय में बड़ी संख्या में गुर्जर समाज की महिलाएं भी पहुंचीं। महिलाओं ने पारंपरिक नृत्य और गीतों के माध्यम से डॉ. अलका गुर्जर को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने पर खुशी व्यक्त की और जश्न मनाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश