राजपूत करणी सेना का बीजेपी-कांग्रेस को हराने का ऐलान
जोधपुर, 03 सितम्बर (हि.स.)। यूजीसी के नए प्रावधान को लेकर स्वर्ण वर्ग का विरोध थम नहीं रहा है। यूजीसी के नए प्रावधान के विरोध में राजपूत करणी सेना ने जोधपुर में रैली निकाली और निकाय चुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों को हराने का ऐलान किया।
श्री राजपूत करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को रैली निकाल कर प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संभागीय प्रभारी और प्रदेश सचिव मानसिंह मेड़तिया ने कहा कि केंद्र ने यूजीसी के काले कानून को जबरन थोपा है। इसे केंद्र सरकार को वापस लेना ही होगा। जब तक केंद्र सरकार यूजीसी रोल बैक नहीं करेंगी। सवर्ण समाज चैन से नहीं बैठेगा। मेड़तिया ने कहा कि भाजपा यह कानून लेकर आई थी, लेकिन कांग्रेस भी इस कानून का विरोध नहीं कर रही, इसलिए सवर्ण समाज नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस को हराएंगे। उन्होंने कहा कि हम निर्दलीय और ऐसे प्रत्याशियों का समर्थन करेंगे जो दोनों पार्टियों को हरा सकें। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने भगवा झंडों के साथ प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश