राजस्थान का पहला जेनरेटिव एआई कैंपस लॉन्च
जयपुर, 16 जून (हि.स.)। राजस्थान के उच्च शिक्षा क्षेत्र में पहली बार विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी (वीजीयू) जयपुर ने गूगल क्लाउड के साथ मिलकर राज्य का पहला जेनरेटिव एआई कैंपस लॉन्च किया है। इस पहल के तहत विश्वविद्यालय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस,क्लाउड टेक्नोलॉजी और इंटेलिजेंट ऑटोमेशन को शिक्षा, शोध और नवाचार के केंद्र में रखा जाएगा।
वीजीयू के सीईओ ओंकार बगारिया ने बताया कि इस पहल से विश्वविद्यालय के 19 हजार से अधिक छात्र, फैकल्टी और स्टाफ लाभान्वित होंगे। साथ ही 10 हजार से अधिक छात्रों को जेमिनी एंटरप्राइज फॉर एजुकेशन की सुविधा मिलेगी, जिससे वे रिसर्च, कंटेंट क्रिएशन, कोडिंग, डेटा एनालिसिस और प्रोजेक्ट-आधारित लर्निंग में अत्याधुनिक जेनरेटिव एआई टूल्स का उपयोग कर सकेंगे।
वीजीयू के सीईओ ने बताया कि एआई कैंपस के तहत इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, मैनेजमेंट, लॉ, डिजाइन, हेल्थ साइंसेज, लिबरल स्टडीज और मीडिया जैसे विभिन्न विषयों में एआई आधारित शिक्षा और शोध को बढ़ावा दिया जाएगा। विश्वविद्यालय का लक्ष्य खुद को एक 'एआई-फर्स्ट यूनिवर्सिटी' के रूप में स्थापित करना है, जहां पाठ्यक्रम, शिक्षण पद्धति, अनुसंधान और उद्योग सहभागिता में एआई को शामिल किया जाएगा।
वीजीयू के सीईओ ओंकार बगारिया ने बताया कि इस साझेदारी के तहत गूगल क्लाउड के सहयोग से एक इंडस्ट्री-इंटीग्रेटेड बी.टेक. प्रोग्राम भी शुरू किया जाएगा। चार वर्षीय इस पाठ्यक्रम में छात्रों को क्लाउड कंप्यूटिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग और उभरती तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों को चार गूगल क्लाउड सर्टीफिकेशन्स, गियर क्रेडेंशियल्स और डीपमाइंड एआई करिकुलम के विशेष मॉड्यूल्स प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
वीजीयू के सीईओ ओंकार बगारिया ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में एक समर्पित गूगल सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (सीओई) भी स्थापित किया जाएगा, जहां लाइव लैब्स, इंडस्ट्री प्रोजेक्ट्स, हैकाथॉन, रिसर्च प्रोग्राम और इमर्सिव लर्निंग के माध्यम से छात्रों को वास्तविक दुनिया की एआई चुनौतियों पर काम करने का अवसर मिलेगा।
गूगल इंडिया में इंडिया हेड एडटेक और एजुकेशन वैभव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वीजीयू के साथ साझेदारी की हैं और उन्हें गूगल क्लाउड के डिजिटल कैंपस ऑन गूगल क्लाउड (डीसीजीसी 4.0) कार्यक्रम से जोड़ने पर गर्व महसूस कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश