सम्मुख काव्य गोष्ठी में गूंजे हिंदी और राजस्थानी कविता के स्वर
जयपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। ग्रासरूट मीडिया फाउंडेशन एवं राजस्थान फोरम के संयुक्त तत्वावधान में साहित्यिक श्रृंखला ‘सम्मुख’ के तहत जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में काव्य गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें युवा रचनाकारों ने हिंदी और राजस्थानी भाषा में अपनी रचनाओं का पाठ कर साहित्य और संस्कृति के विविध रंग प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में बीकानेर के कवि विप्लव व्यास ने राजस्थानी रचनाएं प्रस्तुत कीं। आनंद मस्ताना ने हिंदी और राजस्थानी में छंदबद्ध रचनाओं एवं गीतों का पाठ किया, जबकि अनिता सैनी ने राजस्थानी कविताओं और गीतों के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर किया। तीनों रचनाकारों की प्रस्तुतियों में भाषा, संस्कृति और समकालीन जीवन के विविध भाव देखने को मिले।
इस अवसर पर लेखक महेश पारीक की पुस्तक ‘रेत पर रिमझिम’ का विमोचन सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. गोरधन लाल शर्मा और वरिष्ठ कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी ने किया।
इस कार्यक्रम में राजेंद्र बोड़ा, आलोक आनंद, राजेश मेठी, विजय नाहटा, कल्याण सिंह शेखावत, राव शिवपाल सिंह, किशन प्रणय और महेश शर्मा सहित साहित्य एवं मीडिया जगत से जुड़े अनेक लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रमोद शर्मा ने सभी अतिथियों, कवियों और श्रोताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य प्रदेश के समकालीन युवा रचनाकारों को मंच प्रदान करना और हिंदी एवं राजस्थानी साहित्य की रचनात्मक परंपरा को प्रोत्साहित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश