राजस्थान में समय से पहले गर्मी की दस्तक, पारा 37 डिग्री के करीब
जयपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश में इस बार गर्मी ने तय समय से पहले ही दस्तक दे दी है। दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के नजदीक पहुंच गया है। पश्चिमी जिलों के साथ अब पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी राजस्थान में भी तेज धूप के कारण दिन में गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है।
प्रदेश में गुरुवार को जयपुर, अजमेर, उदयपुर समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य में अगले एक सप्ताह तक मौसम साफ रहेगा। वहीं, आगामी 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने और गर्मी के और तेज होने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश शहरों में तेज धूप रही। पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिला। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर में तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। पश्चिमी जिलों के बाद अब पूर्वी राजस्थान में भी गर्मी ने जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। गुरुवार को जयपुर, अजमेर, उदयपुर, श्रीगंगानगर और कोटा में अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
सीकर और सिरोही समेत अन्य शहरों में भी पारा 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर रहा। दिन में तेज धूप और गर्मी के बावजूद शाम होते ही हल्की ठंडक से लोगों को राहत मिल रही है।
गुरुवार को अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच मापा गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज रहने के आसार हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित