राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर, 28 सितंबर को चार संभागों में बारिश का अनुमान

 


जयपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से रविवार को राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने सोमवार को बीकानेर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सीकर, डूंगरपुर, झुंझुनूं सहित कुछ अन्य स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। फलौदी को छोड़कर प्रदेश के अन्य शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। फलौदी प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.2 और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी जयपुर में सुबह काले घने बादल छाए रहे, हालांकि बारिश नहीं हुई। बाद में धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 34.3 और न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार रविवार को डिप्रेशन कमजोर होकर उत्तर प्रदेश के मध्य भागों और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर वेल मार्क लो प्रेशर के रूप में स्थित है। इसके अलावा एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर सक्रिय है। उन्होंने बताया कि इसके प्रभाव से 28 सितंबर को बीकानेर, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। 29 सितंबर को भी पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद अगले पांच से छह दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश