राजस्थान में दिन गर्म, रात सर्द होने लगी, पिलानी का पारा 40 डिग्री पार

 


जयपुर, 2 अक्टूबर (हि.स.)। पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने के बाद राजस्थान में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। प्रदेश में दिन का तापमान बढ़ रहा है, जबकि रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। पिलानी और श्रीगंगानगर में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जबकि सात शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार पिलानी में दिन का सर्वाधिक तापमान 40.2 डिग्री और जालौर में रात का सर्वाधिक तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। माउंट आबू में रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था।

जयपुर में दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई, जबकि रात के तापमान में दो डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 36.2 और न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में मौसम साफ रहा और दिनभर तेज धूप रही। पिलानी के अलावा श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 40.1, जैसलमेर में 39.9, बाड़मेर में 39.6 और चूरू में 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीलवाड़ा, सीकर, डबोक, माउंट आबू, नागौर, सिरोही और फतेहपुर में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। प्रदेश में दिन के तापमान में करीब दो डिग्री तक बढ़ोतरी, जबकि रात के तापमान में तीन डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो सप्ताह प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी और रात के तापमान में गिरावट का दौर जारी रह सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश