बारिश की कमी से प्रदेश में सूखे जैसे हालात, अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश के आसार

 


जयपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश में मानसून की कमजोर सक्रियता के कारण इस बार सामान्य से कम बारिश दर्ज की जा रही है। बारिश की कमी से नदी, तालाब और बांधों में पर्याप्त पानी की आवक नहीं हो रही है, जिससे सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। रविवार को जयपुर सहित करीब एक दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, लेकिन मौसम विभाग ने आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में कमी रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जयपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, प्रतापगढ़ सहित करीब एक दर्जन शहरों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस श्रीगंगानगर में तथा न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस फलौदी में दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर एरिया कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित हो गया है और वर्तमान में दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान एवं आसपास के क्षेत्रों पर स्थित है। इसके प्रभाव से पिछले 24 घंटों में दक्षिणी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई, जिसमें सर्वाधिक 67 मिलीमीटर वर्षा सलूंबर में दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि 3 अगस्त से मानसून ट्रफ लाइन के उत्तर की ओर खिसकने के कारण जोधपुर, उदयपुर और कोटा संभाग में वर्षा गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि 3 से 5 अगस्त के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

प्रदेश की राजधानी जयपुर में भी इस मानसून सीजन के दौरान सामान्य से 32 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। एक जून से एक अगस्त तक सामान्य वर्षा 273.6 मिलीमीटर के मुकाबले इस वर्ष अब तक केवल 186.1 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके कारण शहर में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं और जल स्रोतों पर भी इसका प्रभाव दिखाई दे रहा है।

रविवार को जयपुर में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी कुछ दिनों तक जयपुर में मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा। बीच-बीच में हल्के बादल छाने और कहीं-कहीं बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि फिलहाल तेज बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश