पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी, प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश; सीकर-चूरू में एक इंच से अधिक वर्षा
जयपुर, 16 जून (हि.स.)। प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा। राजस्थान के कई जिलों में आंधी, धूलभरी हवाओं और बारिश का दौर देखने को मिला। सीकर और चूरू में एक इंच से अधिक वर्षा दर्ज की गई, जबकि श्रीगंगानगर और चूरू में तेज धूलभरी आंधी के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं से प्रदेशभर में गर्मी से राहत मिली है।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को सीकर, कोटा, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ में कई स्थानों पर तूफानी बारिश हुई, जबकि चूरू में रेत के बवंडर से आसमान मटमैला हो गया और कुछ समय के लिए दृश्यता भी प्रभावित रही। प्रदेश में मंगलवार को फलौदी का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे यह सबसे गर्म शहर रहा। वहीं बीकानेर में न्यूनतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा बाड़मेर, जैसलमेर और कोटा में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। रात के तापमान की बात करें तो बीकानेर के साथ जोधपुर, जालोर और लूणकरणसर में भी न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सीकर में 27 मिलीमीटर और चूरू में 29 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं सोमवार को झुंझुनूं जिले के पिलानी में सर्वाधिक 50.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई थी। पिलानी में बारिश के बाद दिन के तापमान में लगभग 12 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यहां न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मेघगर्जन, आंधी, तेज हवाओं और हल्की वर्षा की गतिविधियां देखने को मिलीं। उन्होंने बताया कि फिलहाल प्रदेश में कहीं भी हीटवेव की स्थिति दर्ज नहीं की गई है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान में आगामी तीन दिनों तक आंधी और बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इससे तापमान में और गिरावट आने तथा लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
राजधानी जयपुर में मंगलवार को दिनभर छितराए बादल छाए रहे और मध्यम गति से हवाएं चलती रहीं। दोपहर बाद कई इलाकों में काले घने बादल छाए तथा धूलभरी हवाएं चलीं। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर के रात के तापमान में 4.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश