राजस्थान में अगले तीन दिन कई हिस्सों में बारिश के आसार

 


जयपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। सक्रिय मानसून के प्रभाव से राजस्थान में अगले तीन दिन कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। रविवार को जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। झालावाड़ के पचपहर में 33 मिलीमीटर और बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जयपुर, अलवर, माउंट आबू, डूंगरपुर, संगरिया, बांसवाड़ा, झालावाड़ और प्रतापगढ़ सहित कई स्थानों पर बारिश हुई। उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं करीब दो इंच तक पानी बरसा। जोधपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में भी करीब एक महीने बाद हल्की बारिश हुई। जयपुर में सुबह से हल्के से मध्यम बादल छाए रहे। दोपहर बाद शहर के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। इससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 33.3 और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलवर में रविवार शाम करीब चार बजे बारिश हुई। प्रदेश में श्रीगंगानगर 39.9 डिग्री सेल्सियस के साथ दिन में सबसे गर्म रहा, जबकि बाड़मेर में रात का तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 14 और 15 सितंबर को उदयपुर संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान राज्य के शेष हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर संभाग के जिलों में 14 से 16 सितंबर तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं बीकानेर संभाग में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश