राजस्थान में गर्मी का असर, छह शहरों में पारा 40 डिग्री पार

 


जयपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। राजस्थान में बारिश की कमी के बीच तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। गुरुवार को प्रदेश के छह शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। बाड़मेर और जैसलमेर में दिन का तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग ने आगामी तीन-चार दिन पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 24 सितंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के आसपास डीप डिप्रेशन बना हुआ है। इसके आगामी 24 घंटे में दक्षिणी ओडिशा और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने तथा कमजोर होकर डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि राजस्थान में वर्तमान में मानसून की विदाई रेखा धौलपुर और उदयपुर से होकर गुजर रही है। पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से चार-पांच डिग्री अधिक और 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। पूर्वी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में अगले दो-तीन दिन मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

हालांकि भरतपुर, जयपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 27 से 29 सितंबर के दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28-29 सितंबर को बीकानेर संभाग में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो सप्ताह में राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है।

गुरुवार को बाड़मेर 43.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा। जैसलमेर में 43.2, जोधपुर में 41.7, बीकानेर में 41.6, चूरू में 40.6 और नागौर में 40.3 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। फतेहपुर में 39.5, जालोर में 39.4 और पिलानी में 39.2 डिग्री तापमान रहा। जयपुर में दिन के तापमान में बुधवार के मुकाबले दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यहां अधिकतम तापमान 34.6 और न्यूनतम 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश