राजस्थान में बदला मौसम, कई शहरों में बारिश; पारा 5 डिग्री तक गिरा

 


जयपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान अर्णब के असर से राजस्थान में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुरुवार को जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश और हवाओं के कारण तापमान में 1 से 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को दिन में भी ठंडक महसूस होने लगी। मौसम विभाग के अनुसार आंधी और बारिश का दौर 31 अक्टूबर तक जारी रह सकता है। एक नवंबर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जयपुर, वनस्थली, अलवर, करौली, धौलपुर और दौसा सहित कई शहरों में बारिश दर्ज की गई। धौलपुर के बाड़ी क्षेत्र में दोपहर करीब 12 बजे बारिश शुरू हुई। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बहरोड़ क्षेत्र में सुबह 10 बजे से रुक-रुककर बारिश होती रही। करौली में भी सुबह से बारिश का दौर जारी रहा। अलवर शहर में सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई बूंदाबांदी देर शाम तक चलती रही। दौसा के बांदीकुई में बारिश के बाद तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि चक्रवाती तूफान अर्णब गुरुवार को कमजोर होकर अवदाब में बदल गया और वर्तमान में दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर स्थित है। इसके अगले 24 घंटों में और कमजोर होने की संभावना है। इसके साथ ही नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पंजाब और आसपास के क्षेत्र में प्रेरित परिसंचरण तंत्र बना हुआ है।

उन्होंने बताया कि गुरुवार को भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे। कई स्थानों पर मेघगर्जन, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट हो सकती है।

30 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, कोटा और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के पूर्वी हिस्सों में भी 29 और 30 अक्टूबर को कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। सीमावर्ती क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। 31 अक्टूबर को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

प्रदेश के 23 शहरों में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। इनमें पांच शहरों में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे रहा। फतेहपुर 10.5 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। नागौर, बीकानेर, माउंट आबू और सीकर में भी रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया।

अजमेर, भीलवाड़ा, वनस्थली, अलवर, पिलानी, चित्तौड़गढ़, डबोक, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, श्रीगंगानगर, डूंगरपुर, जालौर, सिरोही और करौली सहित कई शहरों में रात का पारा 20 डिग्री से नीचे रहा। बाड़मेर में 35.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जबकि जयपुर में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा।

नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से जयपुर में सुबह से शुरू हुआ बूंदाबांदी का दौर देर शाम तक जारी रहा। शहर के अलग-अलग हिस्सों में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। हवाओं और बारिश के कारण दिन के तापमान में करीब चार डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही चाट-पकौड़ी की दुकानों पर भीड़ नजर आई।

जयपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में शनिवार तक आंधी और बारिश का दौर जारी रह सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश