राजस्थान में अगले एक सप्ताह कमजोर रहेगा मानसून, अधिकांश क्षेत्रों में मौसम रहेगा शुष्क

 


जयपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान में आगामी एक सप्ताह तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार प्रदेश में 'ब्रेक मानसून' जैसी परिस्थितियां बनी रहेंगी, जिसके चलते पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। हालांकि 13 से 15 जुलाई के बीच कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में अगले दो से तीन दिनों तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं झोंकेदार हवाएं चलीं और कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। सर्वाधिक 5.0 मिलीमीटर वर्षा बूंदी जिले के तलेड़ा में रिकॉर्ड की गई। इस अवधि में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान श्रीगंगानगर में 41.7 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान सिरोही में 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि एक कमजोर मौसम प्रणाली के प्रभाव से 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू तथा आसपास के जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है।

पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में भी अगले पांच से छह दिन तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। हालांकि शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ स्थानों पर 13 से 15 जुलाई के दौरान हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं 14 से 18 जुलाई के बीच जयपुर, भरतपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में छिटपुट स्थानों पर वर्षा की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के लिए अगले दो से तीन दिनों तक तेज धूलभरी हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं, जिससे दृश्यता प्रभावित होने और सामान्य जनजीवन पर असर पड़ने की आशंका है।

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि प्रदेश में आगामी एक सप्ताह तक 'ब्रेक मानसून' जैसी परिस्थितियां बनी रहेंगी। इस दौरान मानसूनी गतिविधियां कमजोर रहेंगी और अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिमी राजस्थान में वर्षा की गतिविधियां सीमित रहेंगी, जबकि एक कमजोर तंत्र के प्रभाव से 14 और 15 जुलाई को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू एवं आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

उन्होंने बताया कि पूर्वी राजस्थान के अधिकांश भागों में भी अगले पांच से छह दिन तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। हालांकि शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ इलाकों में 13 से 15 जुलाई के दौरान हल्की वर्षा होने की संभावना है। साथ ही जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले दो से तीन दिनों तक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चलने की प्रबल संभावना है। उन्होंने लोगों से धूलभरी हवाओं के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने तथा मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमानों और चेतावनियों पर लगातार नजर रखने की अपील की। जयपुर में रविवार को दिनभर हल्के से मध्यम बादल छाए रहे और मध्यम गति से हवाएं चलीं। राजधानी का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फलौदी 41 डिग्री सेल्सियस के साथ दिन का सबसे गर्म और संगरिया 31.2 डिग्री सेल्सियस के साथ रात का सबसे गर्म स्थान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश