यातायात अभियान के दसवें दिन 9,703 वाहनों पर कार्रवाई, काली फिल्म और अवैध हूटर पर सख्ती

 


जयपुर, 11 जून (हि.स.)। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार राजस्थान पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान के तहत नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। अभियान के दसवें दिन विशेष नाकेबंदी और प्रवर्तन अभियान के दौरान कुल 9,703 वाहनों के विरुद्ध चालान, जब्ती और अन्य कानूनी कार्रवाई की गई।

डीजी ट्रैफिक अनिल पालीवाल के पर्यवेक्षण में संचालित अभियान की जानकारी देते हुए अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी. एल. मीणा ने बताया कि सबसे अधिक कार्रवाई वाहनों के शीशों पर अवैध रूप से लगाई गई काली फिल्म (ब्लैक फिल्म) के मामलों में की गई। ऐसे 3,638 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि 2,450 वाहनों पर नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं पंजीयन चिन्ह पाए गए, जबकि 1,373 वाहनों पर अनाधिकृत शब्द, चिन्ह और लेखन अंकित होने के कारण उनके विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके अलावा 945 वाहनों में मूल संरचना (बॉडी अथवा चेसिस) में अवैध परिवर्तन पाए जाने पर भी कानूनी कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान 800 वाहनों पर अनाधिकृत लाल-नीली बत्ती, फ्लैशर, स्ट्रोब लाइट और हूटर लगे पाए गए। वहीं ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले 497 प्रेशर हॉर्न और एयर हॉर्न के मामलों में चालान कर उपकरण जब्त किए गए। यातायात पुलिस अधिकारियों के अनुसार बड़ी संख्या में वाहन चालक अब भी उच्चतम न्यायालय के निर्देशों की अवहेलना करते हुए काली फिल्म का उपयोग कर रहे हैं। इसी प्रकार प्रभाव और रौब दिखाने के उद्देश्य से वाहनों पर लाल-नीली बत्ती, हूटर तथा अन्य अनधिकृत उपकरण लगाए जा रहे हैं, जिनके विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।डॉ. मीणा ने कहा कि वाहन पर जाति, पद, संगठन अथवा अन्य अनधिकृत शब्द लिखना, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट लगाना, काली फिल्म का उपयोग करना तथा अवैध हूटर-बत्ती लगाकर वाहन चलाना कानून का स्पष्ट उल्लंघन है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान पुलिस का यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी जारी रहेगा और यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश