रूफटॉप सौर ऊर्जा में राजस्थान देश में तीसरे स्थान पर
जयपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान में सौर ऊर्जा को लेकर तेजी से बढ़ते रुझान के चलते राज्य ने रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन में देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। राज्य में अब तक कुल 2,45,317 रूफटॉप सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित हो चुके हैं, जिनकी कुल क्षमता 2090 मेगावाट है।
सरकार की रिपाेर्ट के अनुसार इन संयंत्रों के जरिए 1,43,965 उपभोक्ताओं का बिजली बिल पूरी तरह शून्य हो गया है, जिससे वे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
राज्य में सौर ऊर्जा के प्रति लोगों का झुकाव लगातार बढ़ रहा है। प्रतिदिन औसतन 675 से 700 नए उपभोक्ता रूफटॉप सोलर से जुड़ रहे हैं। मार्च में 20,343 नए संयंत्र लगाए गए, जो किसी एक महीने की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है। पीएम सूर्यघर योजना के तहत राजस्थान में अब तक 1,77,468 सोलर संयंत्र (686 मेगावाट क्षमता) स्थापित किए जा चुके हैं। इस योजना में राज्य देश में पांचवें स्थान पर है।
योजना के तहत उपभोक्ताओं को अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है, जिसमें से अब तक 1.52 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में 1185 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा चुके हैं। राज्य सरकार की 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर लगाने वाले उपभोक्ताओं को 17 हजार रुपये की अतिरिक्त सब्सिडी भी दी जा रही है। अब तक 13 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिल चुका है।
फरवरी 2024 में योजना की शुरुआत के बाद से हर छह महीने में सोलर इंस्टॉलेशन की संख्या दो से ढाई गुना तक बढ़ रही है। इस वर्ष के पहले तीन महीनों में ही 58,153 नए उपभोक्ता सोलर संयंत्र लगवा चुके हैं।
सोलर संयंत्र लगाने के लिए बैंकों द्वारा करीब 5.75% ब्याज दर पर आसान ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही योजना के तहत रजिस्टर्ड वेंडर्स की संख्या बढ़कर 1896 हो गई है, जो उपभोक्ताओं तक योजना पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।
जयपुर, जोधपुर और अजमेर के विद्युत वितरण निगमों ने सोलर इंस्टॉलेशन प्रक्रिया को सरल बनाया है। आवेदन शुल्क, अतिरिक्त सिक्योरिटी, मीटर टेस्टिंग शुल्क जैसे कई चार्ज खत्म किए गए हैं और उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए लगातार कैंप भी लगाए जा रहे हैं।
सरकार के प्रयासों और योजनाओं के चलते राजस्थान तेजी से सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी बनता जा रहा है, जिससे न केवल उपभोक्ताओं को राहत मिल रही है बल्कि देश की ऊर्जा सुरक्षा भी मजबूत हो रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित