राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल का 10वीं-12वीं परीक्षा परिणाम जारी, शिक्षामंत्री ने टॉपर्स को दी बधाई
जयपुर, 25 जून (हि.स.)। राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल (आरएसओएस) ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की ऑन डिमांड (मार्च-मई 2026) परीक्षा का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया। शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने जयपुर स्थित आरएसओएस के माधव सभागार में आयोजित कार्यक्रम में स्ट्रीम-1 एवं पूरक परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम जारी किया।
परिणाम घोषित होने के बाद शिक्षामंत्री ने कक्षा 12वीं में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले झुंझुनूं के करण चनेजा तथा कक्षा 10वीं में प्रथम स्थान हासिल करने वाली सोनू रेगर को फोन कर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
आरएसओएस प्रशासन ने बताया कि राज्य स्तर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को 21 हजार रुपए तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अलावा जिला स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को 5100 रुपए की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में आरएसओएस निदेशक महेंद्र कुमार खींची, विशेषाधिकारी बी.के. गुप्ता, सचिव डॉ. अरूणा शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विद्यार्थी अपना परीक्षा परिणाम आरएसओएस पोर्टल पर ऑनलाइन देख सकते हैं। छात्र-छात्राओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनकी जिज्ञासाओं के निराकरण के लिए राजस्थान स्टेट ओपन स्कूल जल्द ही एक विशेष व्हाट्सएप नंबर जारी करेगा।
इस सुविधा के माध्यम से विद्यार्थी परीक्षा, प्रवेश, आवेदन पत्रों में त्रुटि, आवेदन निरस्तीकरण सहित विभिन्न विषयों पर सीधे जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। विभाग का मानना है कि इससे विद्यार्थियों को समय पर और सरल तरीके से सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
शिक्षामंत्री मदन दिलावर ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक आधारित सुविधाओं को बढ़ावा दे रही है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर और सुलभ सेवाएं मिल सकें। उन्होंने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित