सीबीआरएन प्रतियोगिता में राजस्थान एसडीआरएफ अव्वल
जयपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की ओर से आयोजित राष्ट्रीय सीबीआरएन प्रतियोगिता-2026 के क्षेत्रीय स्तर पर राजस्थान की राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया है। गुजरात की टीम दूसरे स्थान पर रही। इस उपलब्धि से राजस्थान पुलिस और प्रदेश का गौरव बढ़ा है।
एसडीआरएफ राजस्थान के कमांडेंट रेवंत दान ने बताया कि क्षेत्रीय स्तर की यह प्रतियोगिता 12 से 15 अक्टूबर तक महाराष्ट्र के पुणे स्थित एनडीआरएफ की पांचवीं बटालियन में आयोजित हुई। इसमें राजस्थान के अलावा गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की एसडीआरएफ टीमों ने भाग लिया।
रासायनिक और परमाणु आपदाओं से निपटने का प्रदर्शन
सीबीआरएन का अर्थ रासायनिक,जैविक, विकिरण संबंधी और परमाणु आपात स्थितियों से है। ऐसी परिस्थितियों में प्रभावित क्षेत्र का सुरक्षित आकलन, खतरे की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों का सही उपयोग, दूषित व्यक्तियों और क्षेत्रों का प्रबंधन तथा आपात स्थिति में टीम के बीच बेहतर समन्वय बेहद महत्वपूर्ण होता है।
प्रतियोगिता में इन परिस्थितियों से निपटने के लिए बलों की तकनीकी दक्षता, कार्यकुशलता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का परीक्षण किया गया। राजस्थान की 21 सदस्यीय टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। टीम का नेतृत्व प्लाटून कमांडर आशीष बंशीवाल और हेमंत दायमा ने किया।
नवंबर में राष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला
एसडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार नवंबर 2026 में क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों के बीच राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता प्रस्तावित है। क्षेत्रीय प्रतियोगिता में जीत से राजस्थान एसडीआरएफ के जवानों का मनोबल बढ़ा है। साथ ही, यह उपलब्धि रासायनिक, जैविक, विकिरण संबंधी और परमाणु आपात स्थितियों से निपटने की प्रदेश की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश